[the_ad id="217"]

खैरागढ़ बस स्टैंड का यात्री प्रतीक्षालय बना शराबखोरी और गंदगी का अड्डा, नगर पालिका पर लापरवाही का आरोप

खैरागढ़ बस स्टैंड का यात्री प्रतीक्षालय बना शराबखोरी और गंदगी का अड्डा, नगर पालिका पर लापरवाही का आरोप

खैरागढ़। जिला मुख्यालय के एकमात्र बस स्टैंड स्थित यात्री प्रतीक्षालय की बदहाल स्थिति को लेकर रविवार 22 फरवरी को शहर कांग्रेस कमेटी ने आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रतीक्षालय परिसर में भारी गंदगी, शराब की खाली बोतलें, पानी के पाउच, गांजा सेवन की सामग्री और मवेशियों का डेरा देख कांग्रेस नेताओं ने नगर पालिका प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अरुण भारद्वाज के नेतृत्व में पहुंची टीम ने पाया कि प्रतीक्षालय में नियमित सफाई का अभाव है। कमरों के भीतर और बाहर दर्जनों खाली शराब की बोतलें बिखरी पड़ी थीं। कई स्थानों पर गोबर और कचरे का ढेर नजर आया। यात्रियों के बैठने के लिए लगी कुर्सियां टूटी हुई हैं जबकि पीने के पानी की कोई व्यवस्था नहीं है। कांग्रेस नेताओं ने मौके पर नगर पालिका के स्वच्छता प्रभारी को बुलाकर स्थिति से अवगत कराया और तीन दिनों के भीतर सुधार नहीं होने पर आमरण अनशन की चेतावनी दी। उनका कहना था कि यात्रियों को धूप और बारिश से बचाने के उद्देश्य से बनाए गए प्रतीक्षालय का इस तरह उपेक्षित रहना प्रशासनिक उदासीनता का प्रमाण है। डॉ. भारद्वाज ने आरोप लगाया कि नगर पालिका शहर के बुनियादी ढांचे के रखरखाव में असफल रही है। उन्होंने पुलिस प्रशासन की पेट्रोलिंग व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि संवेदनशील सार्वजनिक स्थल पर खुलेआम शराब और नशाखोरी कैसे हो रही है यह चिंताजनक है। विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने भी नगर पालिका और पुलिस प्रशासन पर मौन सहमति का आरोप लगाते हुए कहा कि शासकीय परिसरों में इस तरह की गतिविधियां युवाओं को गलत दिशा में ले जा रही हैं, जिससे शहर का सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है। निरीक्षण के दौरान पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा। कांग्रेस कमेटी ने नगर पालिका कार्यालय से पैदल मार्च करते हुए बस स्टैंड पहुंचकर विरोध दर्ज कराया। अब देखना यह होगा कि नगर पालिका प्रशासन तीन दिन की चेतावनी के बाद क्या कदम उठाता है, या फिर मामला आंदोलन की ओर बढ़ेगा। निरिक्षण के दौरान नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन ,यतेंद्रजित सिंह , पुरन सारथी , शेखर दास वैसनव , भरत चंद्राकर , सूर्यकान्त यादव , नदीम मेमन , मोहित भांडेकर , महेश यादव , मनोहर सेन , रानू खान , रघुनाथ यादव , सिद्धांत सिंह , मौजूद रहे.

Facebook
Twitter
WhatsApp

Leave a Reply

REALTED POST
[the_ad id="242"]