विकसित भारत के निर्माण में नारी शक्ति का योगदान सर्वोपरि : वंदना टांडेकर
खैरागढ़। भाजपा नेत्री वंदना टांडेकर ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में नारी शक्ति की भूमिका सर्वोपरि है। आज महिलाएं आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से आगे बढ़ रही हैं और शिक्षा, रोजगार, व्यवसाय, खेल, प्रशासन सहित प्रत्येक क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार द्वारा अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। लखपति दीदी योजना के माध्यम से बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। महिलाओं को केवल परिवार की जिम्मेदारी तक सीमित न रखते हुए उन्हें आर्थिक गतिविधियों में भागीदार बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। वंदना टांडेकर ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन और पीएम सूर्य घर योजना जैसी योजनाओं का लाभ आम जनता को मिल रहा है। इन योजनाओं से गरीब, किसान, मजदूर और महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी महिलाओं और किसानों के हित में महतारी वंदन योजना, कृषक उन्नति योजना, दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर योजना, नियद नेल्लानार योजना, रानी दुर्गावती योजना, श्री रामलला अयोध्या धाम दर्शन योजना और सरस्वती साइकिल योजना जैसी योजनाएं संचालित हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और आर्थिक सहायता पहुंचाना है। भाजपा नेत्री ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब देश की महिलाएं पूरी तरह आत्मनिर्भर और सशक्त होंगी। नारी शक्ति देश की आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक प्रगति की मजबूत आधारशिला है। महिलाओं को अवसर और उचित मंच मिलने पर वे परिवार के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।





