छुईखदान शहर इन दिनों मनचलों व स्पीड राइडर्स से परेशान
छुईखदान :- छुईखदान शहर इन दिनों मनचलों व स्पीड राइडर्स से परेशान है। जहां छात्राएं और महिलाएं मनचलों की फब्तियों से परेशान हो रही है। वहीं शहर के राहगीर और वाहन चालक स्पीड राइडर्स के तेज गति से दौड़ते दुपहियां वाहनों के कारण व्यथित हैं और हर समय शहर में दुर्घटना का डर बना रहता है।
फर्राटे से दौड़ती है बाइक्स
शहर में तेज रफ्तार मोटरसाइकिलें फर्राटे भरती नजर आती रहती है। ये स्पीड बाइकर्स अन्य वाहनों और राहगीरों को कट मारते हुए तेज गति से वाहन दौड़ाते हैं। कई बाइकर्स तो भीड़ भरी जगहों पर स्टंट भी करते दिखाई देते हैं। इन सबके कारण उनके टकराकर दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना रहता है।
स्कूल-कॉलेज समय में ज्यादा समस्या
मनचलों और बाइकर्स का खौफ स्कूल व कॉलेज के समय और शाम को ज्यादा रहता है। शहर में कई मनचले कहीं भी खड़े रहकर या बाइक चलाते हुए छात्राओं और महिलाओं पर फब्तियां कसते भी नजर आते हैं। मनचले यहां-वहां गु्रपों में खड़े होकर और बाइक पर फब्तियां कस देते हैं। वहीं बाइक पर सवार होकर छात्राओं और महिलाओं का पीछा करते हैं, उन्हें कट मारते हैं और फब्तियां कसते हैं।
तेज आवाज वाले वाहनों की परेशानी
वाहनों पर तेज आवाज वाले हॉर्न और साइलेंसर आदि पर प्रतिबंध है। बावजूद इसके शहर में कई वाहनों में तेज आवाज वाले हॉर्न और साइलेंसर लगे हुए हैं जो लोगों के लिए सिरदर्द बन गए हैं। स्कूल, कॉलेज की छुट्टी होने के समय तेज हॉर्न और तेज आवाज वाले साइलेंसर वाली गाडिय़ां लेकर मनचले तेज रफ्तार के साथ निकलते हैं और सभी की परेशानी का कारण बन जाते हैं।
आमजन कर रहे कार्रवाई की मांग
बाइकर्स और मनचलों से परेशान लोग इन पर कार्रवाई कर समस्या से राहत दिलाने की मांग कर रहे हैं। सोशल मीडिया और पुलिस से इनकी रोकथाम करने की मांग मुखर होने लगी है। बावजूद इसके अब तक इस दिशा में कोई कार्रवाई होती नजर नहीं आ रही।
लोगों में बढ़ रहा रोष
तेज रफ्तार व तेज आवाज वाले वाहनों पर पुलिस की और से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में रोष फैल रहा है। पुलिस की ओर से एक दो बार नाम के लिए सिर्फ चौराहों पर फोरी कार्रवाई की गई है। जबकि शहर में कई मार्गो और जगहों पर इनका खौफ बना हुआ है।
गांवों से आने वालों पर ज्यादा कार्रवाई
शहर में यातायात पुलिस की ओर से कार्रवाई की भी जाती है तो महज ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों पर कार्रवाई कर इतिश्री कर ली जाती है।
अंकित महोबिया – संवाददाता छुईखदान की रिपोर्ट