‘संडे ऑन साइकिल’ के 100वें संस्करण पर निकली रैली, युवाओं ने दिया फिटनेस और नशामुक्ति का संदेश
कलेक्टर ने दिखाई हरी झंडी, अटल उद्यान में योग और जुम्बा गतिविधियों में शामिल हुए बच्चे और युवा

खैरागढ़, 29 नवंबर। फिट इंडिया अभियान के तहत ‘संडे ऑन साइकिल’ के 100वें संस्करण पर रविवार को खैरागढ़ में साइकिल रैली निकाली गई। राजा फतेह सिंह खेल मैदान से अटल उद्यान तक आयोजित रैली में बच्चों, युवाओं और नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
जिला प्रशासन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग और मेरा युवा भारत (MY Bharat) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को साइकिल चलाने और नियमित व्यायाम के प्रति जागरूक करना था। अटल उद्यान पहुंचने के बाद प्रतिभागियों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। इसके साथ ही जुम्बा और अन्य फिटनेस गतिविधियों में भी हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान नशामुक्त भारत अभियान के तहत जनजागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं। बच्चों और युवाओं ने नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने की सामूहिक शपथ ली। हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर उन्होंने नागरिकों से भी नशे से दूर रहने की अपील की।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, डिप्टी कलेक्टर पूजा पींचा, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बिसेन, सहायक जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रिंकेश कश्यप, खेलो इंडिया के फुटबॉल प्रशिक्षक शीतांशु गुप्ता, मेरा युवा भारत के अधिकारी सुब्रजीत डे सहित नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
