स्वामी आत्मानंद स्कूलों में 18 शिक्षकों को मिले नियुक्ति आदेश
खुली काउंसलिंग में अभ्यर्थियों ने पसंद के विद्यालयों का किया चयन, जल्द कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश

खैरागढ़। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के छह स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में शिक्षक भर्ती प्रक्रिया के तहत शुक्रवार को खुली काउंसलिंग आयोजित की गई। इसमें 18 चयनित अभ्यर्थियों ने अपनी पसंद के विद्यालयों का चयन किया। कलेक्टर एवं विद्यालय संचालन समिति के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के अनुमोदन के बाद जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति आदेश सौंपे।
जिला शिक्षा अधिकारी के अनुसार, जिले के छह विद्यालयों में शिक्षकों के 25 रिक्त पदों के लिए राज्य कार्यालय से 23 अभ्यर्थियों की चयन सूची प्राप्त हुई थी। 25 नवंबर को दस्तावेज सत्यापन के दौरान दो अभ्यर्थी हिंदी माध्यम से होने के कारण अपात्र पाए गए। शेष 21 पात्र अभ्यर्थियों में से 18 काउंसलिंग में शामिल हुए, जबकि तीन अनुपस्थित रहे।
काउंसलिंग के दौरान अभ्यर्थियों को विद्यालयवार रिक्त पदों की सूची ऑनलाइन दिखाई गई। इसके बाद उन्होंने उपलब्ध पदों के अनुसार अपनी पसंद के विद्यालय का चयन कर सहमति पत्र प्रस्तुत किया। नियुक्ति आदेश प्रदान करते हुए अधिकारियों ने चयनित अभ्यर्थियों को जल्द से जल्द संबंधित विद्यालयों में कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, डिप्टी कलेक्टर पूजा पींचा, आदिम जाति कल्याण विभाग के आयुक्त स्वर्णिम शुक्ला सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं संबंधित विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे। भर्ती प्रक्रिया के संचालन में सहायक नोडल अधिकारी पवन कुमार ददरया ने सहयोग किया।
