स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति का संदेश देंगे 400 स्काउट-गाइड
30 नवंबर को खैरागढ़ में निकलेगी जिला स्तरीय जागरूकता रैली, 43 विद्यालयों के विद्यार्थी होंगे शामिल; नुक्कड़ नाटक से करेंगे जागरूक

खैरागढ़। पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और नशामुक्त भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 30 नवंबर को खैरागढ़ में जिला स्तरीय जागरूकता रैली एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा, जिला मुख्य आयुक्त भागवत शरण सिंह के मार्गदर्शन तथा जिला आयुक्त एवं जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के 43 विद्यालयों के करीब 400 स्काउट-गाइड, स्काउटर एवं गाइडर शामिल होंगे।
कार्यक्रम सुबह 9 बजे से प्रारंभ होगा। इसमें 163 स्काउट, 193 गाइड तथा 44 स्काउटर-गाइडर की सहभागिता रहेगी। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों द्वारा शहरवासियों को स्वच्छता अपनाने, पर्यावरण संरक्षण करने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक विशेष आकर्षण रहेंगे। तीन विद्यालयों के विद्यार्थी नशामुक्त भारत अभियान, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता जैसे विषयों पर प्रस्तुतियां देकर आम नागरिकों को जागरूक करेंगे। इसके माध्यम से नशे के दुष्परिणाम, कचरा फैलाने से होने वाली समस्याओं तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का महत्व बताया जाएगा।
जागरूकता रैली विवेकानंद चौक से प्रारंभ होकर इंदिरा बाजार, बख्शी मार्ग, गोल बाजार और अस्पताल चौक सहित शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरेगी। इस दौरान स्काउट-गाइड नारों, पोस्टर और जनसंपर्क के माध्यम से लोगों को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करेंगे।
जिला मुख्य आयुक्त भागवत शरण सिंह ने कहा कि भारत स्काउट्स एवं गाइड्स का उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सेवा भावना विकसित करना है। पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और नशामुक्ति आज समाज के महत्वपूर्ण विषय हैं। बच्चों और युवाओं के माध्यम से इनका संदेश घर-घर तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड केवल स्वयं जागरूक न रहें, बल्कि अपने परिवार और समाज को भी सकारात्मक बदलाव के लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए विभिन्न पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों को रैली संचालन, अनुशासन, भोजन, स्वच्छता एवं मार्ग व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों की सहभागिता से शहर में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्त समाज के प्रति व्यापक जनजागरूकता लाने का प्रयास किया जाएगा।
