सेवा सेतु से कुंजन को मिला जाति प्रमाण पत्र, अब नहीं रुकेगी पढ़ाई
भोरमपुर की बेटी को घर के नजदीक मिली सुविधा, पिता ने जताई खुशी; पोर्टल पर 38 विभागों की 953 सेवाएं उपलब्ध

छुईखदान। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के ग्राम भोरमपुर की बेटी कुंजन वर्मा को सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से लोधी जाति प्रमाण पत्र मिला है। छुईखदान तहसील कार्यालय में प्रमाण पत्र मिलने पर पिता फुलेश्वर राम ने खुशी जताते हुए कहा कि अब उनकी बेटी की पढ़ाई नहीं रुकेगी। उन्होंने बताया कि छात्रवृत्ति, कॉलेज में प्रवेश और भविष्य में नौकरी के लिए जाति प्रमाण पत्र जरूरी दस्तावेज है।
कुंजन को प्रमाण पत्र मिलने से अब आगे की पढ़ाई और छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने में आसानी होगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को ऑनलाइन शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। पोर्टल पर 38 विभागों की 953 सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध हैं।
इसके माध्यम से नागरिक जाति, आय और निवास प्रमाण पत्र सहित विभिन्न सेवाओं के लिए स्वयं ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने के बाद मिलने वाले विशिष्ट आवेदन क्रमांक से प्रकरण की स्थिति भी देखी जा सकती है। ऑनलाइन आवेदन करने में परेशानी होने पर नागरिक नजदीकी सेवा सेतु केंद्र की मदद ले सकते हैं।
आवेदन जमा होने के बाद संबंधित राजस्व अधिकारी दस्तावेजों और जानकारियों का सत्यापन करते हैं। स्वीकृति मिलने पर प्रमाण पत्र जारी किया जाता है। भोरमपुर की कुंजन को इसी व्यवस्था से जाति प्रमाण पत्र मिला है। शासन की इस डिजिटल पहल से नागरिकों को शासकीय सेवाओं का लाभ लेने में सुविधा मिल रही है।
