[the_ad id="217"]

1.62 किलो गांजा के साथ 21 वर्षीय युवक गिरफ्तार, बाइक और नकदी भी जब्त

1.62 किलो गांजा के साथ 21 वर्षीय युवक गिरफ्तार, बाइक और नकदी भी जब्त

छुईखदान पुलिस की कार्रवाई, 1.12 लाख रुपये से अधिक का सामान जब्त; आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया

खैरागढ़। छुईखदान पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजा की बिक्री करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1.624 किलोग्राम गांजा, बिक्री की नगदी और मोटरसाइकिल सहित कुल 1 लाख 12 हजार 150 रुपये का सामान जब्त किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम उदयपुर के लाल करार मैदान के पास तिराहे पर एक युवक मोटरसाइकिल से घूम-घूमकर गांजा बेच रहा है। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में छुईखदान पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। इस दौरान संदेही राजू साहू (21 वर्ष), निवासी भरदाकला, थाना साजा, जिला बेमेतरा को पकड़ा गया।

तलाशी के दौरान आरोपी की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल की डिक्की में रखे लाल छींटदार प्लास्टिक थैले से 1.624 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 81,200 रुपये बताई गई है। इसके अलावा गांजा बिक्री की 950 रुपये नकद और 30 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना छुईखदान में अपराध क्रमांक 458/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। 26 नवंबर को न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में छुईखदान पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

Facebook
Twitter
WhatsApp

Leave a Reply