संविधान दिवस पर मैकाल सदन में गूंजा ‘हम, भारत के लोग’ का उद्घोष
जिला पंचायत के अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया उद्देशिका का सामूहिक वाचन, संविधान आधारित प्रश्नोत्तरी में दोनों टीमें रहीं बराबर

खैरागढ़। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को जिला पंचायत खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के मैकाल सदन में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन कर लोकतांत्रिक मूल्यों, न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत सभापति श्रीमती अरुणा राजू सिंह बनाफर ने उद्देशिका का सामूहिक वाचन कराया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल ने की, जबकि जीवन देवांगन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सभापति श्रीमती बनाफर ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को याद करते हुए कहा कि भारतीय संविधान देश के नागरिकों को एकता के सूत्र में बांधने के साथ उनके अधिकारों और कर्तव्यों का मार्गदर्शन करता है। वहीं सीईओ श्री पटेल ने संविधान में निहित आदर्शों को दैनिक जीवन में अपनाने और नागरिक कर्तव्यों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। बैद्यनाथ वर्मा के संचालन में हुई इस प्रतियोगिता में अधिकारियों-कर्मचारियों की दो टीमों ने हिस्सा लिया। संविधान निर्माण, संविधान सभा की पहली बैठक, प्रारूप समिति, मौलिक अधिकार, मौलिक कर्तव्य और राज्य के नीति-निर्देशक तत्वों से जुड़े सवाल पूछे गए। दोनों टीमों ने 10-10 सही जवाब देकर मुकाबले को बराबरी पर समाप्त किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में उपसंचालक पंचायत राज तिवारी सहित जिला पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समापन अवसर पर सभापति श्रीमती बनाफर और सीईओ श्री पटेल ने सभी को संविधान दिवस की शुभकामनाएं दीं।
