त्योहारी सीजन में खाद्य प्रतिष्ठानों पर विभाग की सख्ती, 31 नमूने जांच के लिए भेजे गए
खैरागढ़, छुईखदान, गंडई सहित विभिन्न क्षेत्रों में मिठाई, दूध, तेल और मसालों की जांच

खैरागढ़। दशहरा एवं दीपावली पर्व के मद्देनजर आम नागरिकों को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के तहत किराना दुकानों, होटल, रेस्टोरेंट, डेयरी एवं खाद्य निर्माण प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के कुल 31 नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।
कलेक्टर एवं नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन के निर्देश पर उप संचालक डॉ. अनिल कुमार शुक्ला के मार्गदर्शन में अभिहित अधिकारी सिद्धार्थ पाण्डेय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार धृतलहरे एवं विभागीय कर्मचारियों की टीम ने खैरागढ़, छुईखदान, गंडई, नर्मदा, ठेलकाडीह एवं जालबांधा क्षेत्र के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में पहुंचकर जांच की।
इस दौरान मिठाइयों, दुग्ध उत्पादों, खाद्य तेल, मसालों, आटा सहित अन्य खाद्य सामग्रियों के 16 विधिक एवं 15 सर्विलांस नमूने एकत्रित कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच में अमानक एवं असुरक्षित पाए जाने वाले खाद्य पदार्थों के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, बिना खाद्य अनुज्ञप्ति अथवा पंजीयन के कारोबार करने और खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध भी प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किए जाएंगे।
खाद्य सामग्री खरीदते समय बरतें सावधानी
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि पैकेटबंद खाद्य सामग्री खरीदते समय बैच नंबर, पैकिंग तिथि, एक्सपायरी तिथि एवं अन्य आवश्यक जानकारियों की जांच अवश्य करें। साथ ही खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने तथा सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री का ही विक्रय, भंडारण एवं निर्माण करने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग ने नागरिकों से आग्रह किया है कि कहीं भी मिलावटी अथवा दूषित खाद्य सामग्री बेचे जाने की जानकारी मिलने पर हेल्पलाइन नंबर 9340597097 पर सूचना दें। विभाग ने भरोसा दिलाया है कि शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी और जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच एवं निगरानी का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



