*नकली बीयर, शराब दुकानों में बच्चों की एंट्री पर फूटा कांग्रेस का गुस्सा*

*आबकारी कार्यालय का घेराव, भट्टी बंद करने और एफआईआर की मांग*
राजनांदगांव, दिनांक 10/02/2026 ।
छत्तीसगढ़ में शराब घोटाले, नकली बीयर और नशे के बढ़ते कारोबार के खिलाफ आज युवा कांग्रेस ने उग्र प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव निखिल द्विवेदी के नेतृत्व में युवाओं ने राजनांदगांव आबकारी कार्यालय का घेराव किया और विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए।
प्रदर्शन के दौरान जिस फर्जी स्टीकर वाली बीयर का वीडियो पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा ट्वीट किया गया था प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया पैनलिस्ट अभिमन्यु उदय मिश्रा ने अधिकारियों के सामने ही उसी ब्रांड की नई बीयर केन पर लगे नकली स्टिकर की पर्ची फाड़कर दिखायी, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा सोशल मीडिया पर जारी वीडियो पूरी तरह तथ्यात्मक है और उसे झुठलाया नहीं जा सकता।
इसके साथ ही प्रदर्शनकारियों ने बीयर केन और प्रतीकात्मक शराब की बोतलें लेकर आबकारी अधिकारी के चैंबर के सामने धरना दिया। अधिकारी के पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारियों और विभागीय अधिकारियों के बीच तीखी बहस हुई आखिर में प्रतीकात्मक बीयर की बोतल आबकारी अधिकारी के चैंबर में प्रदर्शनकारियों द्वारा रख दी गई ।
प्रदर्शनकारियों ने कहा एक स्वर में कहा कि एक तरफ स्कूल के बच्चों के शराब दुकान में पहुंचने का वीडियो वायरल हो रहा है, दूसरी ओर दुर्ग और बलरामपुर में अफीम की फसल पकड़ी जा रही है, और अब नकली बीयर और स्टिकर का मामला सामने आ रहा है। यह सब बताता है कि प्रदेश में नशे का कारोबार किस तरह बेलगाम हो चुका है और आबकारी विभाग पूरी तरह फेल हो चुका है।
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव निखिल द्विवेदी ने कहा कि “छत्तीसगढ़ में शराब के नाम पर खुला खेल चल रहा है कही घटिया बैन शराब बेची जा रही जगह जगह अफीम की खेती पकड़ी जा रही है। नकली बीयर, मिलावटी शराब और नशे का अवैध कारोबार प्रशासन की नाक के नीचे हो रहा है। केवल एक सुपरवाइजर को हटाकर मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है, जो सरासर खानापूर्ति है। इस पूरे मामले में उच्च स्तरीय जांच और एफआईआर दर्ज कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, चाहे वह कितना भी बड़ा व्यक्ति क्यों न हो।”
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया पैनलिस्ट अभिमन्यु उदय मिश्रा ने कहा कि “आज हमने अधिकारियों के सामने ही बीयर केन से नकली स्टिकर की पर्ची निकालकर दिखा दी, ताकि सच्चाई सामने आ सके। यदि आबकारी विभाग खुद मान रहा है कि नवंबर से इस बीयर की बिक्री पर रोक थी, तो सवाल यह है कि फिर यह बीयर दुकानों में कैसे बिक रही थी? क्या होली के मौके पर छत्तीसगढ़ की जनता को खराब और नकली शराब खपाई गई? यह सीधे-सीधे जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है। प्रीमियम भट्टी से लगातार मिलावट की खबरें आ रही हैं, इसलिए उस भट्टी को तत्काल बंद किया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर एफआईआर दर्ज की जाए।”
निखिल द्विवेदी ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि यदि सरकार और आबकारी विभाग ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो युवा कांग्रेस पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन करेगी।
इस दौरान प्रदर्शन में पूर्व पार्षद शरद पटेल, पूर्व पार्षद गणेश पवार, युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष संदीप सोनी, विप्लव शर्मा, सौरभ तिवारी, ऋषभ निर्मलकार, हर्ष मधु साहू, मोहित कोचरे सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



