नपा चुनाव में भाजपा को 1000 वोल्ट का झटका देगी कांग्रेस : दीपक बैज
खैरागढ़ में जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में पीसीसी अध्यक्ष ने भरा जोश, वोट चोरी और एसआईआर के मुद्दे पर भाजपा को घेरा

खैरागढ़। नगर पालिका चुनाव की सरगर्मियों के बीच कांग्रेस ने खैरागढ़ में चुनावी बिगुल फूंकते हुए कार्यकर्ताओं में जोश भरा। स्थानीय सांस्कृतिक भवन में आयोजित जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बिजली बिल के जरिए जनता को 440 वोल्ट का झटका देने वाली भाजपा को नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस 1000 वोल्ट का झटका देगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरने और खैरागढ़ में कांग्रेस का नगर पालिका अध्यक्ष बनाने का आह्वान किया।
सम्मेलन में बैज ने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और वोट चोरी का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया के नाम पर कांग्रेस के प्रभाव वाले क्षेत्रों में जीवित मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं, जबकि फर्जी मतदाताओं के नाम जोड़े जा रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी द्वारा उठाए गए वोट चोरी के मुद्दे का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस इसके खिलाफ देशभर में अभियान चला रही है। उन्होंने बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग भी उठाई और कहा कि जहां-जहां बैलेट पेपर से चुनाव हुए हैं, वहां कांग्रेस को जीत मिली है।
बैज ने महंगाई के मुद्दे पर भी भाजपा को घेरा। उन्होंने गैस सिलेंडर 500 रुपये में देने के वादे को अधूरा बताते हुए गैस, पेट्रोल और बिजली की बढ़ती कीमतों को लेकर सवाल उठाए।
नगर पालिका के निर्माण कार्यों पर उठाए सवाल
विधायक यशोदा वर्मा ने नगर पालिका के निर्माण कार्यों और खरीदी में खर्च की गई राशि पर सवाल उठाए। उन्होंने इतवारी बाजार के रावण भाठा में करीब 29 लाख रुपये की लागत से बनी सीसी सड़क के निर्माण पर सवाल खड़े करते हुए खर्च का हिसाब मांगा। साथ ही करीब एक करोड़ रुपये की लागत से खरीदे गए ई-रिक्शा की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि वाहन 15 से 20 दिन भी ठीक से नहीं चल पाए और खराब हो गए। मीराबाई चौक की प्रतिमा बदलने पर हुए खर्च तथा विधायक निधि से स्वीकृत 75 लाख रुपये के कार्यों के टेंडर जारी नहीं होने का मुद्दा भी उठाया।
छन्नी साहू ने एसआईआर पर साधा निशाना
पूर्व विधायक छन्नी साहू ने एसआईआर प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर मतदाता सूची की जांच करने की अपील की। उन्होंने महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को एक हजार रुपये देने और दूसरी ओर बिजली बिल के जरिए जनता पर पड़ रहे आर्थिक बोझ का मुद्दा उठाया।
17 महिलाओं ने ली कांग्रेस की सदस्यता
सम्मेलन के दौरान खैरागढ़ नगर पालिका क्षेत्र के विभिन्न वार्डों की 17 महिलाओं ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के समक्ष कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। बैज ने सभी महिलाओं का पार्टी में स्वागत किया। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल साहू सहित जिले के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


