[the_ad id="217"]

AgriStack की नई व्यवस्था से किसानों की बढ़ी परेशानी, रकबे के हिसाब से मिल रही कम खाद

AgriStack की नई व्यवस्था से किसानों की बढ़ी परेशानी, रकबे के हिसाब से मिल रही कम खाद

फसल की वास्तविक जरूरत के मुताबिक खाद उपलब्ध कराने की मांग, चक्रवाती तूफान से धान की फसल को हुए नुकसान पर बीमा और मुआवजे की भी उठाई मांग

खैरागढ़। भारतीय जनता पार्टी की सरकार में आम जनता के साथ-साथ किसानों को भी नई व्यवस्थाओं के चलते परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खाद वितरण में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से लागू की जा रही AgriStack एवं Framework for Fertilizer Sale (FFS) प्रणाली अब किसानों के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है। इस व्यवस्था के तहत किसानों को उनके ऑनलाइन दर्ज जमीन के रकबे और फसल संबंधी जानकारी के आधार पर खाद उपलब्ध कराई जा रही है। इसके चलते कई किसानों को उनकी वास्तविक जरूरत के अनुसार खाद नहीं मिल पा रही है।

इस संबंध में पूर्व सांसद प्रतिनिधि लोकसभा राजनांदगांव एवं पूर्व विधायक प्रतिनिधि विधानसभा खैरागढ़ कपिनाथ महोबिया ने सरकार की खाद वितरण व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि खेती में खाद की आवश्यकता केवल जमीन के रकबे पर निर्भर नहीं करती, बल्कि फसल के प्रकार, मिट्टी की स्थिति, सिंचाई और उत्पादन लक्ष्य के अनुसार भी बदलती है। चना, गेहूं सहित अन्य फसलों के लिए किसानों को पर्याप्त खाद की जरूरत है, लेकिन ऑनलाइन सिस्टम में निर्धारित सीमा के कारण अतिरिक्त खाद लेने में दिक्कत हो रही है।

उन्होंने कहा कि जिन किसानों की जमीन का रिकॉर्ड अपडेट नहीं है, संयुक्त खाते हैं अथवा वास्तविक खेती और ऑनलाइन दर्ज रकबे में अंतर है, उन्हें विशेष रूप से परेशानी उठानी पड़ रही है। छोटे और सीमांत किसानों के सामने भी खाद की उपलब्धता को लेकर संकट खड़ा हो रहा है।

महोबिया ने हाल ही में आए चक्रवाती तूफान से धान की फसल को हुए नुकसान पर चिंता जताते हुए प्रभावित किसानों को फसल बीमा और उचित मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि एक ओर छत्तीसगढ़ सरकार किसान हितैषी होने का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर नए-नए नियमों के कारण किसानों की मुश्किलें बढ़ रही हैं।

उन्होंने मांग की कि खाद वितरण में AgriStack के आंकड़ों के साथ किसानों की वास्तविक खेती और फसल की जरूरतों को भी प्राथमिकता दी जाए। यदि किसी किसान को निर्धारित मात्रा से अधिक खाद की आवश्यकता है, तो कृषि विभाग के सत्यापन के बाद उसे अतिरिक्त खाद उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए, ताकि तकनीकी नियमों के कारण कोई भी किसान अपनी खेती की जरूरत से वंचित न रहे।

Facebook
Twitter
WhatsApp

Leave a Reply