धान खरीदी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करें नोडल अधिकारी, कलेक्टर ने दिए निर्देश
किसानों की समस्याओं का मौके पर करें निराकरण, सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों और नियाद नेल्लानार पोर्टल की हुई समीक्षा

खैरागढ़। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में धान खरीदी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सभी नोडल अधिकारियों को अपने-अपने आवंटित धान खरीदी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने और निरीक्षण रिपोर्ट कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी केंद्रों में किसानों से सीधे संवाद करें और टोकन से लेकर धान तौल तक आने वाली समस्याओं का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने सहकारिता, खाद्य एवं विपणन विभाग के अधिकारियों को खरीदी केंद्रों में पर्याप्त बारदाने की उपलब्धता, टोकन वितरण और धान तौल में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही किसानों के लिए पेयजल, छाया और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा खरीदे गए धान के सुरक्षित भंडारण पर नियमित निगरानी रखने को कहा। कस्टम मिलिंग की समीक्षा करते हुए उन्होंने राइस मिलों से चावल जमा कराने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों से देरी के कारणों की जानकारी ली और सभी शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने को कहा।
वहीं नियाद नेल्लानार 2.0 पोर्टल की समीक्षा के दौरान उन्होंने शासन की प्रमुख योजनाओं और उनसे लाभान्वित हितग्राहियों की जानकारी शत-प्रतिशत दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को योजनावार विवरण का मिलान कर सभी लंबित प्रविष्टियां जल्द पूरी करने को कहा।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर, एसडीएम अविनाश ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।





