दुर्ग जिले में अफीम की खेती का मामला, पुलिस ने खेत में मारी रेड
भाजपा किसान मोर्चा के नेता के खेत का नाम आने से मचा हड़कं
दुर्ग। जिले में अवैध रूप से अफीम की खेती किए जाने की सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम ने गुरुवार को छापामार कार्रवाई की। यह मामला जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र के ग्राम समोदा का बताया जा रहा है, जहां खेत में अफीम की खेती होने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि इलाके में लंबे समय से चोरी-छिपे अफीम की खेती की जा रही है। सूचना के आधार पर 6 मार्च को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने खेत में पहुंचकर कार्रवाई की। मौके पर करीब डेढ़ से दो एकड़ जमीन में अफीम की फसल दिखाई दी।
ग्राम पंचायत के सरपंच अरुण गौतम ने आरोप लगाया है कि यह खेती भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष विनायक ताम्रकर और बृजेश ताम्रकर द्वारा कराई जा रही थी। वहीं सूचना देने वाले पंच के साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
इधर भाजपा नेताओं ने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा है कि उन्हें अफीम की खेती की कोई जानकारी नहीं थी। उनका कहना है कि खेत को अधिया (आधी फसल के बंटवारे) पर खेती के लिए दिया गया था और वहां कुछ बाहरी लोग चोरी-छिपे खेती कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि खसरा नंबर 310 की लगभग 9 एकड़ 92 डिसमिल जमीन में से करीब 4 से 5 एकड़ क्षेत्र में अफीम की खेती किए जाने की आशंका है। फिलहाल पुलिस को मौके पर डेढ़ से दो एकड़ क्षेत्र में फसल दिखाई दी है।
मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने खेत का निरीक्षण कर फसल के सैंपल एकत्रित किए हैं। देर शाम अंधेरा होने के कारण कार्रवाई को बीच में रोक दिया गया था। शनिवार को पुनः टीम जांच के लिए पहुंचेगी। जानकारी के अनुसार मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में रायपुर से विशेषज्ञों की टीम भी जांच करेगी।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।
राजेंद्र सिंह चंदेल
प्रधान संपादक
दैनिक सरस्वती संकेत
मो. 94079 95724





