[the_ad id="217"]

अवैध संबंध के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या, KCG पुलिस ने 12 घंटे में 6 आरोपी दबोचे

दैनिक सरस्वती संकेत

प्रधान संपादक: राजेंद्र सिंह चंदेल

अवैध संबंध के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या, KCG पुलिस ने 12 घंटे में 6 आरोपी दबोच

खैरागढ़। जिले के खैरागढ़ थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्याकांड ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। अवैध संबंध के शक में गांव के कुछ लोगों ने मिलकर एक ठेकेदार की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि घटना के बाद केसीजी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 12 घंटे के भीतर 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि इस वारदात में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी हिरासत में लिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक तुलाराम पटेल (45 वर्ष) निवासी किल्लापारा वार्ड क्रमांक 11 खैरागढ़ बिल्डिंग ठेकेदारी का काम करता था। उसके साथ ग्राम गाडाडीह की एक महिला मजदूर के रूप में काम करती थी। बताया जाता है कि तुलाराम पटेल कई बार काम के बाद उस महिला को अपने मोटरसाइकिल से उसके गांव छोड़ने जाता था।

गांव में शक बना मौत की वजह

दिनांक 08 मार्च 2026 की शाम को भी तुलाराम पटेल महिला मजदूर को छोड़ने ग्राम गाडाडीह पहुंचा था। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने उस पर अवैध संबंध का आरोप लगाते हुए घेर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपियों ने यह कहते हुए कि “तुम यहां क्यों आते हो, गांव का माहौल खराब कर रहे हो” मृतक के साथ हाथ, मुक्के और लात से जमकर मारपीट कर दी।

इस निर्मम पिटाई में तुलाराम पटेल को चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। गंभीर हालत में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरागढ़ लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

12 घंटे में पुलिस की बड़ी कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए खैरागढ़ पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए घटना के मात्र 12 घंटे के भीतर 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही इस वारदात में शामिल दो नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है।

इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों में

कीर्तन यादव उर्फ मुन्ना (35)

समय यादव (45)

आशीष यादव उर्फ बोदू (42)

रूपलाल वर्मा (26)

पल्टन वर्मा (60)

पवन वर्मा (35)

सभी निवासी ग्राम गाडाडीह, थाना खैरागढ़, जिला केसीजी बताए जा रहे हैं।

इन धाराओं में दर्ज हुआ अपराध

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 107/2026 के तहत धारा 103(2), 190, 191(1), 191(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में मामला दर्ज कर लिया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

समाज के लिए चेतावनी

यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि सिर्फ शक के आधार पर कानून अपने हाथ में लेने की मानसिकता कितनी खतरनाक हो सकती है। एक छोटी सी बात ने एक व्यक्ति की जान ले ली और कई परिवारों को अपराध के दलदल में धकेल दिया।

(दैनिक सरस्वती संकेत)

Facebook
Twitter
WhatsApp

Leave a Reply

REALTED POST
[the_ad id="242"]