नगर पालिका में भाजपा के पूर्व पार्षद का हस्तक्षेप, आपत्ति की गई:-
भाजपा प्रवेश का बना रहे दबाव, शिकायत करने और बर्खास्त कराने की दे रहे धमकी:-
आरोप है कि कार्यालय में आकर फाइल, कार्यवाही और विकास कार्यों में अवरोध उत्पन्न कर रहे:-
खैरागढ़, नगरपालिका में भाजपा के पूर्व पार्षद पर रोजाना पालिका कार्यालय पहुँच कर कांग्रेस के पार्षदों और शासकीय कार्यों में अवैधानिक रूप से हस्तक्षेप किए जाने का आरोप लगाते हुए कांग्रेसी पार्षदों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंप कार्रवाई की मांग की है। नपा सभापति दीपक देवांगन, पुरुषोत्तम वर्मा, सुमित टांडिया शत्रुहन घृतलहरे, दिलीप राजपूत, दिलीप लहरे, शैलेन्द्र वर्मा, टिकेश्वरी पटेल, सुमन पटेल आदि ने कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में कहा कि वे नगर के विभिन्न वार्डों के निर्वाचित पार्षद होकर वार्ड का प्रतिनिधित्व करते हैं।
भाजपा के पूर्व पार्षद रामाधार रजक पालिका में किसी पद में नहीं होने के बाद भी रोजाना पालिका कार्यालय पहुँचकर विभिन्न विभागों के फाइलों को निकालकर उसे देखकर कांग्रेसी पार्षदों द्वारा किए जा रहे कार्यों में बिना अधिकार उल्टा सीधा कर्मचारियों पर दबाव बनाकर व्यवधान उत्पन्न करने का प्रयास करते हैं। रजक द्वारा कांग्रेसी पार्षदों के कार्यों में लगातार बाधा पहुँचाने, पालिका के कार्यों में दबाव बनाकर कार्य कराने का लगातार अवैधानिक प्रयास किया जा रहा है। मामले में कांग्रेसी पार्षदों ने कहा कि इसको लेकर नगरपालिका अधिकारी से भी कई बार शिकायत कर पूर्व भाजपा पार्षद के हस्तक्षेप को रोकने कहा गया। लेकिन सत्ता सरकार आते ही राजनीतिक धौंस दिखाकर दबाव बनाया जा रहा है।
कांग्रेसी पार्षदों ने आरोप लगाते कहा कि पूर्व पार्षद द्वारा अनाधिकृत रूप से पालिका में प्रमं आवास में स्वीकृत पार्षदों के वार्डों के हितग्राहियों की राशि को बिना कारण के अधिकारियों पर दबाव बनाकर भुगतान रूकवाकर अपने लोगो को गलत तरीके से राशि का आबंटन करवाया जा रहा है।
कांग्रेसी बौखला गए हैं
आरोप है कि भाजपा प्रवेश करने दबाव बनाया जा रहा है। सत्ता जाने के बाद कांग्रेसी पार्षद बौखला गए हैं। दो साल में उनके वार्डों में विकास कार्य शून्य है। शहर विकास ठप्प है। इसके चलते अनर्गल आरोप लगा रहे हैं।
रामाधार रजक, पूर्व पार्षद नपा