[the_ad id="217"]

*खैरागढ़::कांग्रेस की कुशासन और भाजपा की चुप्पी का जवाब शिवसेना: धनंजय परिहार*

*कांग्रेस की कुशासन और भाजपा की चुप्पी का जवाब शिवसेना: धनंजय परिहार*

*00 शिवसेना द्वारा निकाले गए तोड़ो मोर्चा यात्रा को मिल रहा जबरदस्त जनसमर्थन, 45 प्लस विधानसभा में प्रत्याशी उतारने की तैयारी*

 

*राजनांदगांव।* कांग्रेस की कुशासन और भाजपा की चुप्पी का जवाब इस बार शिवसेना है। शिवसेना विगत 40 वर्षों से छत्तीसगढ़ में जनहित से जुड़े मुद्दे पर काम कर रही है। प्रत्येक गांव घर तक पहुंच कर पार्टी कार्यकर्ता अपना समय और योगदान देते आए हैं। यही वजह है कि शिवसेना द्वारा वर्तमान में जारी तोड़ो मोर्चा यात्रा को जबरदस्त जन समर्थन मिल रहा है। यह वक्तव्य रविवार को राजनांदगांव एक कार्यक्रम में पहुंचे छत्तीसगढ़ शिवसेना प्रदेश प्रमुख धनंजय परिहार ने मीडिया कर्मियों के समक्ष दिया।

 

श्री परिहार ने कहा कि विधानसभा चुनाव की तैयारी उन्होंने काफी पहले कर रखी है। घोषणा पत्र के साथ तोड़ो मोर्चा यात्रा छत्तीसगढ़ के प्रत्येक विधानसभा का दौरा कर रही है। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में नए सदस्य और पदाधिकारी पार्टी में शामिल किए जा रहे हैं। अभी तक हजारों की संख्या में नए सदस्य पार्टी में शामिल हो चुके हैं। इस बार शिवसेना 45 प्लस विधानसभा सीटों में अपने प्रत्याशियों को उतारने वाली है। महंगाई, बेरोजगारी, पेंशन और समर्थन मूल्य समेत अन्य जरूरी मुद्दों पर शिवसेना विधानसभा चुनाव लड़ेगी।

 

*लोगों को आंखों से उतारनी होगी कांग्रेस-भाजपा की पट्टी*

 

श्री परिहार ने कहा कि लंबे समय से प्रदेश में सिर्फ दो ही पार्टी भाजपा और कांग्रेस का शासन चलते आ रहा है। इन दोनों पार्टियों के सरकार ने क्या किया और क्या नहीं किया यह सबके सामने है। दोनों पार्टी के शासन के दौरान जमकर भ्रष्टाचार हुए लेकिन कभी किसी पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आम जनता को चाहिए कि वे कांग्रेस और भाजपा की पट्टी आंखों से उतारे और किसी तीसरे पार्टी को मौका दें। लोगों को अपने मताधिकार का इस बार सही और सटीक उपयोग करना होगा। तभी छत्तीसगढ़ को विकास की सही दिशा और दशा की ओर अग्रसर किया जा सकता है।

 

*अवैध कार्य को सत्ता पार्टी का खुला संरक्षण*

 

श्री परिहार ने कहा कि इन दिनों प्रदेश भर में अवैध कार्य और खनिज संपदाओं का अवैध उत्खनन जोरों से चल रहा है। लगातार शिकायतों के बावजूद तस्करों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। अफसर खामोश है क्योंकि इन अवैध कार्य को सत्ता पार्टी कांग्रेस का खुला संरक्षण मिला हुआ है। विपक्ष की भूमिका निभा रही भाजपा पिछले साढे 4 साल से मुंह में दही जमा कर बैठी रही। अब चुनाव करीब देख भाजपा के बड़े नेता आरोप-प्रत्यारोप का खेल खेलने लगे हैं।

 

*शराबबंदी कोई मुद्दा नहीं, कोचियों पर लगाओ लगाम*

 

प्रदेश में शराबबंदी कोई मुद्दा नहीं है। जबकि शराब विक्रय से ही अरबों खरबों का राजस्व प्राप्त हो रहा है। यही राजस्व विकास कार्यों के लिए उपयोगी है। शराबबंदी के बजाय कोचिया बंदी हो यह ज्यादा बेहतर है। यह बात सच है कि समाज में शराब को हीन भावना से देखा जाता है। कोई इसके बारे में बोलना लिखना नहीं चाहता। इसी का फायदा उठाकर आज शराब में सबसे ज्यादा घोटाला किया जा रहा है। लेकिन जब शिवसेना की सरकार बनेगी तो शराब विक्रय को लेकर सरल और सहज नीति का निर्धारण किया जाएगा।

 

*चुनाव जीतने महाराष्ट्र से मिलेगी मदद*

 

श्री परिहार ने कहा कि इस बार हम अकेले नहीं है। चुनाव जीतने के लिए महाराष्ट्र की शिंदे सरकार द्वारा हमें मदद देने की घोषणा की गई है। प्रथम चरण में महाराष्ट्र की ओर से चुनाव प्रचार रथ दिया गया है यह रथ तोड़ो मोर्चा यात्रा में घूम रही है। आने वाले समय में आर्थिक मदद के साथ ही महाराष्ट्र के बड़े और कद्दावर नेता भी प्रचार के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे। मीडिया से चर्चा के दौरान श्री परिहार के अलावा, प्रदेश संगठन सचिव संजय नाग, किसान सेना के प्रदेश अध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव, प्रदेश कार्यकारिणी से शिवराम केसरवानी, मानपुर मोहला अंबागढ़ चौकी के जिलाध्यक्ष शोभा शंकर त्रिपाठी, खैरागढ़ जिला अध्यक्ष कौशलेंद्र सिंह, जिला महासचिव ज्ञानचंद लोढ़ा, जिला महासचिव केके श्रीवास्तव, पदाधिकारी नीलकंठ यादव, थरवेतन साहू, संजय यादव और राजू यादव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

 

******

Facebook
Twitter
WhatsApp

Leave a Reply

[the_ad id="219"]
POLL
What does "money" mean to you?
  • Add your answer
BREAKING NEWS
LIVE CRICKET
REALTED POST
[the_ad id="242"]