[the_ad id="217"]

कक्षा सातवीं के छात्र ने तैयार किया अनूठा मॉडल, संभाग स्तरीय विज्ञान मेले में हासिल किया दूसरा स्थान

झपकी आते ही बजर से अलर्ट करेगा डिगेन्द्र का सेंसर वाला चश्मा

कक्षा सातवीं के छात्र ने तैयार किया अनूठा मॉडल, संभाग स्तरीय विज्ञान मेले में हासिल किया दूसरा स्थान

खैरागढ़, 26 नवंबर 2026 // छोटी उम्र में बड़ी वैज्ञानिक सोच की मिसाल पेश करते हुए खैरागढ़ विकासखंड के ग्राम दपका के कक्षा सातवीं के छात्र डिगेन्द्र कुमार सिन्हा ने सेंसर युक्त विशेष चश्मा तैयार किया है। वाहन चलाते समय चालक को झपकी आने पर यह चश्मा बजर के जरिए अलर्ट करेगा। उनके इस नवाचार को दुर्ग में आयोजित संभाग स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी एवं पश्चिम भारत विज्ञान मेला प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान मिला है।

डिगेन्द्र ने अपने मॉडल में सेंसर और बजर का उपयोग किया है। सेंसर चालक की आंखों की गतिविधियों पर नजर रखता है और झपकी का संकेत मिलते ही बजर बजने लगता है। इसका उद्देश्य चालक को समय रहते सचेत कर सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है।

प्रतियोगिता में दुर्ग, बालोद, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। डिगेन्द्र की इस उपलब्धि पर कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने मॉडल का अवलोकन कर छात्र को पुरस्कृत किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन सहित विज्ञान मार्गदर्शक शिक्षक अजय सिंह राजपूत, चंदन मिंज एवं प्रधानपाठक रघुनाथ प्रसाद सिन्हा उपस्थित रहे। डिगेन्द्र इससे पहले स्मार्ट हेलमेट अलर्ट और सड़क पर गायों के दुर्घटनाग्रस्त होने की तत्काल सूचना देने वाली परियोजनाओं पर भी काम कर चुके हैं। जिला शिक्षा अधिकारी ने उनकी वैज्ञानिक प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें ‘मिनी वैज्ञानिक’ की संज्ञा दी। छात्र की इस उपलब्धि से विद्यालय और क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।

Facebook
Twitter
WhatsApp

Leave a Reply