स्व-सहायता समूहों को अधिक ऋण देने और उद्यम ऋण वितरण में तेजी लाने के निर्देश
जिला स्तरीय बैंकर्स कार्यशाला में शाखा प्रबंधकों को दिया गया प्रशिक्षण, उत्कृष्ट कार्य करने वाले बैंकर्स और कैडर सदस्य हुए सम्मानित

खैरागढ़। स्व-सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से जिला पंचायत खैरागढ़–छुईखदान–गंडई के सभाकक्ष में जिला स्तरीय बैंकर्स प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल ने बैंक शाखा प्रबंधकों को स्व-सहायता समूहों की ऋण राशि बढ़ाने तथा समूहों के ऋण आवेदनों को समय पर स्वीकृत कर वितरण प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।
कार्यशाला में श्री पटेल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के अवसर बढ़ाने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में बैंकिंग योजनाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने समूहों के बैंक खाते खोलने, लंबित ऋण प्रकरणों का निराकरण करने तथा समूह सदस्यों को स्वयं का व्यवसाय शुरू करने के लिए व्यक्तिगत उद्यम ऋण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
प्रशिक्षण में राष्ट्रीय ग्रामीण विकास संस्थान, हैदराबाद के नेशनल रिसोर्स पर्सन एवं मास्टर ट्रेनर कोटागिरी श्रीनिवासराव ने बैंकर्स को ऋण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्व-सहायता समूहों द्वारा समय पर ऋण की वापसी किए जाने से बैंक और समूह दोनों को लाभ मिलता है। उन्होंने बैंक शाखा प्रबंधकों से समूहों की ऋण सीमा बढ़ाने के साथ ही पात्र सदस्यों को व्यक्तिगत उद्यम ऋण उपलब्ध कराने की दिशा में सक्रियता से कार्य करने की अपील की।
इस दौरान राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत समूह ऋण के लिए निर्धारित बैंक लोन प्रोडक्ट कोड, भारतीय रिजर्व बैंक के नवीन दिशा-निर्देशों तथा व्यक्तिगत उद्यम ऋण के नए ऑनलाइन आवेदन फॉर्म के संबंध में विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के नवा रायपुर स्थित राज्य कार्यालय से अशोक कुमार भी कार्यशाला में शामिल हुए।
कार्यशाला के समापन पर कोटागिरी श्रीनिवासराव ने बैंक शाखा प्रबंधकों से निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप समूह ऋण एवं व्यक्तिगत उद्यम ऋण के प्रकरणों की स्वीकृति और राशि वितरण में तेजी लाने का आह्वान किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले बैंक शाखा प्रबंधकों और कैडर सदस्यों को सम्मानित किया गया।
कार्यशाला में जिले के विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला एवं विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक, क्षेत्रीय समन्वयक, वित्तीय साक्षरता सामुदायिक संसाधन व्यक्ति तथा बैंक मित्र उपस्थित रहे।





