बिना वैध पंजीयन के संचालित दो निजी स्वास्थ्य संस्थानों पर स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई, बंद रखने के निर्देश
कुर्रुभाठ के क्लिनिक और ठेलकाडीह के एसएस हॉस्पिटल का हुआ औचक निरीक्षण, दस्तावेज नहीं मिलने पर विभाग ने दिखाई सख्ती

खैरागढ़। जिले में बिना वैध दस्तावेजों के संचालित हो रहे निजी स्वास्थ्य संस्थानों पर स्वास्थ्य विभाग ने सख्ती दिखाते हुए दो संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई की है। नर्सिंग होम एक्ट के तहत गठित टीम ने ग्राम कुर्रुभाठ और ठेलकाडीह में औचक निरीक्षण कर आवश्यक पंजीयन एवं संचालन संबंधी दस्तावेजों की जांच की। वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर दोनों संस्थानों को आगामी आदेश तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के निर्देश पर निरीक्षण दल ने ग्राम कुर्रुभाठ में श्री संतोष बैरागी के क्लिनिक तथा ठेलकाडीह स्थित एसएस हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने संस्थानों के संचालन से संबंधित पंजीयन प्रमाण पत्र एवं अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की। जांच के दौरान दोनों संस्थानों की ओर से आवश्यक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसे गंभीरता से लेते हुए विभागीय टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए दोनों स्वास्थ्य संस्थानों का संचालन आगामी आदेश तक बंद रखने के निर्देश दिए।
कार्रवाई के दौरान नर्सिंग होम एक्ट के नोडल अधिकारी डॉ. मोहम्मद असलम, डॉ. बोधन परते, डॉ. एस.एस. साहू एवं डॉ. पंकज वैष्णव मौजूद रहे।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में संचालित सभी निजी अस्पतालों, क्लिनिक एवं अन्य स्वास्थ्य संस्थानों के लिए नियमानुसार पंजीयन कराना तथा संचालन से संबंधित वैध दस्तावेज रखना अनिवार्य है। बिना आवश्यक अनुमति एवं पंजीयन के स्वास्थ्य संस्थानों का संचालन नियमों के विरुद्ध है। विभाग ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी ऐसे संस्थानों की जांच जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





