मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना से साकार हो रही बुजुर्गों की तीर्थयात्रा की आस, जिले के 21 श्रद्धालु रवाना
जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने दिखाई हरी झंडी, स्वर्ण मंदिर और माता वैष्णो देवी के करेंगे दर्शन

खैरागढ़। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से बुजुर्ग एवं पात्र नागरिकों की धार्मिक आस्था को नई राह मिल रही है। इसी कड़ी में मंगलवार को खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के 21 तीर्थयात्रियों का दल स्वर्ण मंदिर और माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए रवाना हुआ। कलेक्ट्रेट परिसर में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने हरी झंडी दिखाकर तीर्थयात्रियों के वाहन को रवाना किया। इस दौरान उन्होंने सभी यात्रियों को सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
छत्तीसगढ़ शासन की मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत चयनित तीर्थयात्री इस यात्रा के दौरान स्वर्ण मंदिर एवं माता वैष्णो देवी मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके साथ ही यात्रियों को ऐतिहासिक वाघा बॉर्डर का भ्रमण करने का अवसर भी मिलेगा।
रवानगी के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में उत्साह और श्रद्धा का माहौल रहा। जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों ने तीर्थयात्रियों का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया तथा उनकी यात्रा मंगलमय होने की कामना की। समाज कल्याण विभाग की ओर से यात्रियों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था भी की गई थी।
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना उन वरिष्ठ एवं पात्र नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण साबित हो रही है, जो आर्थिक अथवा अन्य कारणों से देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा नहीं कर पाते। शासन की इस पहल से ऐसे श्रद्धालुओं को तीर्थस्थलों के दर्शन का अवसर मिल रहा है और उनकी वर्षों पुरानी धार्मिक अभिलाषा पूरी हो रही है।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गिरजा चंद्राकर, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि शैलेन्द्र त्रिपाठी, जनपद उपाध्यक्ष लखन साहू, जनपद सदस्य शैलेन्द्र मिश्रा, विशेसर साहू, विकेश गुप्ता, नंदकुमार चंद्राकर एवं सहायक संचालक समाज कल्याण कमलेश कुमार पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





