धान खरीदी की तैयारियों को लेकर कलेक्टर सख्त, समय पर पूरी करें सभी व्यवस्थाएं
समय-सीमा बैठक में बारदाने, भंडारण और परिवहन की समीक्षा, किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने देने के निर्देश

खैरागढ़। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत धान खरीदी की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने धान खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधाओं सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि खरीदी शुरू होने से पहले बारदाने की उपलब्धता, सुरक्षित भंडारण और धान के परिवहन की व्यवस्था सुनिश्चित कर ली जाए, ताकि किसानों को खरीदी के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में कलेक्टर ने राजस्व विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए गिरदावरी, खसरा संबंधी विवरण और पीवी ऐप में पंजीयन के लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने भूमि एवं फसल संबंधी जानकारियों का सत्यापन कर त्रुटियों को दूर करने तथा बेमौसम बारिश से फसलों को हुए नुकसान का आकलन कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
कलेक्टर ने नियद नेल्लानार 2.0 योजना के तहत लाभान्वित हितग्राहियों की जनपदवार ऑनलाइन एंट्री की भी समीक्षा की। उन्होंने लंबित प्रविष्टियों को पूरा करने विशेष अभियान चलाने और पोर्टल पर हितग्राहियों की सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज करने के निर्देश दिए। साथ ही ऑनलाइन एंट्री में आ रही तकनीकी समस्याओं का तत्काल निराकरण करने को कहा।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के सचिव के जिला भ्रमण के दौरान दिए गए निर्देशों के पालन की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का विशेष ध्यान रखते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने तथा जनहित से जुड़े लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर पूजा पिंच सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।




