खैरागढ़ के आदर्श ग्राम देवरीभाट में गूंजेगी मानस की अमृतवाणी, तीन दिवसीय तुलसीदास जन्मोत्सव का भव्य आयोजन
खैरागढ़। श्री तुलसी मानस प्रतिष्ठान, जिला-खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के तत्वावधान में जिला स्तरीय तीन दिवसीय गोस्वामी तुलसीदास जन्मोत्सव का आयोजन आदर्श ग्राम देवरीभाट में 22 से 24 अगस्त 2026 तक किया जा रहा है। धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक चेतना से जुड़े इस आयोजन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
आयोजन के तहत 22 अगस्त को शाम 4 बजे कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद 23 और 24 अगस्त को जिले के विभिन्न मानस परिवारों द्वारा रामचरितमानस पाठ एवं धार्मिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। आयोजन में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, मानस प्रेमियों और ग्रामीणों की सहभागिता रहेगी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खैरागढ़ विधायक श्रीमती यशोदा नीलांबर वर्मा, अध्यक्षता पं. राजेंद्र लोचन तिवारी, अध्यक्ष तुलसी मानस प्रतिष्ठान, विशेष अतिथि विक्रांत सिंह, उपाध्यक्ष जिला पंचायत केजीजी सहित जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शारदा सिंह, जनपद पंचायत खैरागढ़ के उपाध्यक्ष लखन साहू तथा देवरीभाट के सरपंच जगेश्वर वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति प्रस्तावित है।
22 अगस्त को राम भक्त मानस परिवार पिपरिया द्वारा मानस पाठ से कार्यक्रम की शुरुआत होगी। 23 अगस्त को संगम मानस परिवार बल्देवपुर, राघव कृपा मानस परिवार कुरिसियारी, जय बजरंग मानस परिवार बांधेभरी साल्हेवारा, श्रीराम मानस परिवार सिलपट्टी छुईखदान तथा अन्नपूर्णा महिला मानस परिवार सलोनी अपनी प्रस्तुति देंगे।
वहीं 24 अगस्त को जय सरस्वती मानस परिवार विक्रमपुर खैरागढ़, हर्षदीप मानस परिवार कोटा छुईखदान, दशाश्वर मानस परिवार खैरागढ़-गंडई, श्री अमर ज्योति मानस परिवार मगरकुंड पैलीमेटा तथा श्रीराम मानस परिवार कुकुरमुड़ा घिरौली द्वारा मानस पाठ किया जाएगा।
आयोजकों का कहना है कि गोस्वामी तुलसीदास की भक्ति, साहित्य और सामाजिक संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति एवं रामचरितमानस से जोड़ने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है। तीन दिनों तक देवरीभाट में भक्ति, संस्कृति और मानस की चौपाइयों की गूंज सुनाई देगी।





