नाले पर अतिक्रमण से जल निकासी बाधित, रायपुर-बिलासपुर जैसी स्थिति का खतरा
खैरागढ़। नगर में नालों पर बढ़ते अतिक्रमण ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। जानकारी के अनुसार, लगभग 10 फीट चौड़ा नाला अतिक्रमण के कारण सिमटकर मात्र 4 फीट रह गया है। इससे वर्षा जल की निकासी प्रभावित हो रही है और बारिश के दौरान सड़क पर जलभराव की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नाले की चौड़ाई कम होने से पानी का बहाव बाधित हो जाता है, जिससे थोड़ी सी बारिश में भी सड़कें पानी से भर जाती हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो खैरागढ़ में भी रायपुर और बिलासपुर में बारिश के दौरान देखने को मिली जलभराव जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि नालों से अतिक्रमण तत्काल हटाकर उन्हें उनकी मूल चौड़ाई में बहाल किया जाए तथा बारिश से पहले जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। नागरिकों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई होने से भविष्य में गंभीर जलभराव और जनहानि जैसी घटनाओं की आशंका को कम किया जा सकता है।





