[the_ad id="217"]

केसीजी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: म्यूल बैंक खातों और ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़, 4 आरोपी गिरफ्तार

केसीजी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: म्यूल बैंक खातों और ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़, 4 आरोपी गिरफ्तार

खैरागढ़, 6 जुलाई। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले की छुईखदान पुलिस ने साइबर अपराध, म्यूल बैंक खातों और ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से 19 एटीएम कार्ड, 5 बैंक पासबुक, 14 मोबाइल फोन और एक लैपटॉप जब्त किया गया है। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब ₹5.50 लाख बताई गई है। साथ ही बैंक खातों में उपलब्ध लगभग ₹5 लाख की राशि फ्रीज करने की कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा संचालित समन्वय पोर्टल तथा एनसीआरबी से प्राप्त सूचना के आधार पर की गई। जांच के दौरान छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक, शाखा छुईखदान के एक खाते में देश के विभिन्न राज्यों से ऑनलाइन गेमिंग, सट्टेबाजी और साइबर ठगी से संबंधित लगभग ₹1.69 करोड़ से अधिक के संदिग्ध लेन-देन का पता चला।

गिरफ्तार आरोपी

दीपक निर्मलकर (20), ग्राम नवागांव (लोधी), थाना छुईखदान

राहुल जंघेल (23), ग्राम मैनहर, थाना छुईखदान

राहुल देवांगन (25), धरसींवा, जिला रायपुर

विजय कुमार साहू (22), ग्राम गगरिया खम्हरिया, थाना सहसपुर लोहारा, जिला कबीरधाम

जांच में क्या सामने आया

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि एक आरोपी ने अपना बैंक खाता कथित रूप से किराये पर उपलब्ध कराया था। जांच एजेंसियों के अनुसार, इन खातों का उपयोग मुंबई महानगर क्षेत्र के पलावा सिटी स्थित किराये के फ्लैट से संचालित ऑनलाइन गेमिंग एवं सट्टेबाजी गतिविधियों में किया जाता था। पुलिस का दावा है कि विभिन्न राज्यों से प्राप्त धनराशि इन खातों के माध्यम से ट्रांसफर की जाती थी।

जांच के दौरान यह भी पता चला कि नेटवर्क से जुड़े लोगों को मासिक भुगतान किया जाता था तथा आरोपी पिछले करीब दो वर्षों से विभिन्न ऑनलाइन गेमिंग/सट्टेबाजी एप्लिकेशनों के माध्यम से गतिविधियां संचालित कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, कुछ माह पूर्व मुंबई से संचालन बंद कर आरोपी अपने गृह जिलों में लौट आए थे।

न्यायिक रिमांड पर भेजे गए

प्रकरण में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।

Facebook
Twitter
WhatsApp

Leave a Reply

REALTED POST
[the_ad id="242"]