अब मोबाइल से खाद बुक कर सकेंगे किसान, टोकन दिखाकर बिक्री केंद्र से मिलेगा उर्वरक
डिजिटल व्यवस्था से जिले के 2,259 किसानों को मिल चुका है खाद, पारदर्शी वितरण के लिए कृषि विभाग ने शुरू किया प्रशिक्षण

खैरागढ़। जिले के किसानों को खाद प्राप्त करने में सुविधा देने और वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए नई डिजिटल व्यवस्था लागू की गई है। अब किसान मोबाइल एप के माध्यम से अपनी जरूरत के अनुसार रासायनिक खाद की बुकिंग कर सकेंगे। बुकिंग के बाद मोबाइल पर जारी टोकन दिखाकर संबंधित उर्वरक बिक्री केंद्र से खाद प्राप्त की जा सकेगी।
कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल एवं उपसंचालक कृषि चित्रांगद कुमार ठाकुर के मार्गदर्शन में कृषि विभाग इस व्यवस्था का प्रचार-प्रसार और क्रियान्वयन कर रहा है। फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल (FFS) मोबाइल एप के माध्यम से जिले में अब तक 2,259 किसानों को उनकी फसल के आधार पर खाद वितरित की जा चुकी है।
नई व्यवस्था के तहत किसानों को उनके कृषि रकबे और फसल के अनुसार उर्वरकों की अनुशंसा के आधार पर खाद मिलेगी। इससे उर्वरकों के संतुलित उपयोग को बढ़ावा मिलेगा और किसानों को अनावश्यक खाद खरीदने से होने वाले अतिरिक्त खर्च से राहत मिलेगी।
व्यवस्था के सफल संचालन के लिए कृषि विभाग द्वारा किसानों, उर्वरक विक्रेताओं एवं समिति प्रबंधकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी क्रम में उपसंचालक कृषि चित्रांगद कुमार ठाकुर एवं अनुविभागीय कृषि अधिकारी खैरागढ़ ने सेवा सहकारी समिति बाजार अतरिया में किसानों को टोकन जारी करने और खाद वितरण की प्रक्रिया समझाई।
एप डाउनलोड कर कराना होगा पंजीयन
किसान गूगल प्ले स्टोर से फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल मोबाइल एप डाउनलोड कर पंजीयन कर सकेंगे। इसके बाद अपनी आवश्यकता के अनुसार खाद की बुकिंग कर मोबाइल पर टोकन प्राप्त करेंगे। टोकन दिखाने पर संबंधित बिक्री केंद्र से उर्वरक उपलब्ध कराया जाएगा।
टोकन जारी करने या खाद वितरण में किसी प्रकार की परेशानी होने पर किसान कृषि विभाग के हेल्प डेस्क नंबर 8236007377 एवं 9685053837 पर संपर्क कर सकते हैं।



