राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में खैरागढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे अथर्व सिंह
अंडर-19 बालक वर्ग में हुआ चयन, वेसलियन स्कूल में अथर्व और उनके माता-पिता का किया गया सम्मान

खैरागढ़। नगर के होनहार फुटबॉल खिलाड़ी अथर्व सिंह ने अपनी प्रतिभा के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनका चयन अंडर-19 बालक वर्ग की राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। प्रतियोगिता का आयोजन अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में किया जाएगा, जहां अथर्व राष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
अथर्व के राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन पर बुधवार को वेसलियन स्कूल, खैरागढ़ में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान अथर्व के साथ उनके पिता अभिलेख सिंह और माता नीलू सिंह को भी सम्मानित किया गया। अतिथियों ने सैश पहनाकर एवं श्रीफल भेंटकर उनका अभिनंदन किया। विद्यार्थियों ने तालियों के साथ अथर्व का उत्साहवर्धन किया।
समारोह में जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन, सहायक संचालक मनोहर चंदेल, सहायक जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रिंकेश कश्यप एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी नीलम राजपूत उपस्थित रहे। अतिथियों ने कहा कि अथर्व का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन होना विद्यालय के साथ-साथ पूरे खैरागढ़ क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उनकी यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
अतिथियों ने अथर्व को बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर खैरागढ़ का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य एस. मसीह, खेल प्रभारी पूर्णिमा सिंह सहित शिक्षक-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।



