जनजातीय गौरव दिवस पर वीर नायकों के शौर्य और बलिदान को किया नमन
खैरागढ़ में जिला स्तरीय समारोह आयोजित, समाज प्रमुखों का सम्मान; लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

खैरागढ़। जनजातीय गौरव सप्ताह के समापन अवसर पर बुधवार को स्वर्गीय लाल दिलीप सिंह स्मृति मंगल भवन में जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय नायकों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के छायाचित्रों पर माल्यार्पण कर उनके शौर्य और बलिदान को नमन किया गया। मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने जनजातीय समाज के योगदान को याद करते हुए कहा कि वनांचल के बच्चों को बेहतर शिक्षा और परिवारों को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने जिले में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की स्वीकृति की अपेक्षा भी जताई।
नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा चंद्राकर ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान से नई पीढ़ी को परिचित कराना जरूरी है। वहीं कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने पीएम जनमन योजना के तहत दूरस्थ बैगा बस्तियों में आवास, पेयजल, बिजली, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की जानकारी दी। जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल ने बताया कि दूरस्थ क्षेत्रों में आंगनबाड़ी केंद्र, छात्रावास और बहुउद्देशीय केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। दो मोबाइल मेडिकल यूनिट से ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं।
समारोह में जनजातीय समाज के प्रमुखों को सम्मानित किया गया। जनजातीय नर्तक दलों एवं छात्रावासी छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांधा। परिसर में जनजातीय नायकों के जीवन, पारंपरिक आभूषण, वेशभूषा और कृषि उपकरणों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर शासकीय योजनाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर पूर्व विधायक कोमल जंघेल, नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा चंद्राकर, जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत के जनप्रतिनिधि, बैगा विकास प्रकोष्ठ के अध्यक्ष जीवन मेरावी, सुमित टांडिया सहित जनजातीय समाज के प्रमुख एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।





