[the_ad id="217"]

कस्टम मिलिंग का चावल जमा करने में लापरवाही पर सख्ती, राइस मिलों की होगी जांच

कस्टम मिलिंग का चावल जमा करने में लापरवाही पर सख्ती, राइस मिलों की होगी जांच

माँ अंजनी राइस मिल ने अब तक जमा किया महज 32 प्रतिशत चावल, भौतिक सत्यापन के बाद नोटिस जारी करने की तैयारी

खैरागढ़। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत कस्टम मिलिंग का चावल जमा करने में लापरवाही बरतने वाली राइस मिलों पर अब प्रशासन सख्त रुख अपनाने जा रहा है। निर्धारित समयावधि में चावल जमा नहीं करने वाली मिलों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देश पर जिला विपणन अधिकारी एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने उदयपुर स्थित माँ अंजनी राइस मिल का निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि मिल द्वारा निर्धारित मात्रा का अब तक केवल 32 प्रतिशत चावल ही जमा किया गया है।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों की टीम ने मिल परिसर में उपलब्ध धान के स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया और पंचनामा तैयार किया। कम मात्रा में चावल जमा किए जाने को लेकर अब मिल संचालक को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। संचालक के जवाब और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले की कुल 13 राइस मिलों को कस्टम मिलिंग के तहत 42,893.64 मीट्रिक टन चावल जमा करना था। इसके विरुद्ध अब तक 36,416.67 मीट्रिक टन चावल जमा किया जा चुका है, जो निर्धारित लक्ष्य का लगभग 85 प्रतिशत है। वहीं, अभी भी करीब 6,477 मीट्रिक टन चावल जमा होना शेष है।

विभागीय आंकड़ों के अनुसार, माँ महामाया राइस मिल ने निर्धारित मात्रा का 41 प्रतिशत, अमित राइस प्रोसेस ने 77 प्रतिशत, सुमन एग्रो इंडस्ट्रीज ने 79 प्रतिशत तथा बीबीसी राइस इंडस्ट्रीज ने 80 प्रतिशत चावल जमा किया है। इन आंकड़ों के आधार पर कम प्रगति वाली मिलें विभाग की निगरानी में हैं।

स्टॉक का होगा भौतिक सत्यापन

प्रशासन द्वारा अन्य राइस मिलों की भी लगातार जांच की जाएगी। जांच के दौरान मिलों में उपलब्ध धान और चावल के स्टॉक का भौतिक सत्यापन करने के साथ मिलिंग की प्रगति तथा उठाए गए शासकीय धान के अनुपात में जमा किए गए चावल की मात्रा का मिलान किया जाएगा। किसी भी प्रकार की अनियमितता या अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित मिल संचालकों के विरुद्ध शासन के प्रचलित नियमों और कस्टम मिलिंग अनुबंध के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Facebook
Twitter
WhatsApp

Leave a Reply