खैरागढ़ में निःशुल्क कैंसर जांच शिविर, 60 मरीजों ने कराया पंजीयन
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने की मरीजों की जांच, कैंसर के शुरुआती लक्षणों और उपचार को लेकर दिया परामर्श

खैरागढ़। सिविल अस्पताल खैरागढ़ में मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग एवं रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार शुक्ला के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में कुल 60 मरीजों ने पंजीयन कराकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया।
शिविर में पहले से कैंसर का उपचार करा रहे मरीजों के साथ स्तन में गांठ, मुंह में कैंसर से संबंधित परेशानी तथा कैंसर के संभावित लक्षणों वाले मरीज भी पहुंचे। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें बीमारी की स्थिति, उपचार की प्रक्रिया, दर्द एवं अन्य तकलीफों के प्रबंधन तथा आगे की आवश्यक जांच के संबंध में परामर्श दिया।
शिविर में रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल रायपुर के डॉ. बबलेश माहावर, हेड पेन एवं पैलिएटिव मेडिसिन विशेषज्ञ तथा डॉ. नवीन जैन (एमडीएस) ने अपनी सेवाएं दीं। चिकित्सकों ने कैंसर के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने और समय पर जांच एवं उपचार कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।




