अवैध सोनोग्राफी संचालन की शिकायत पर बालाजी डायग्नोस्टिक सेंटर सीलबंद
गंडई में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने की कार्रवाई, जांच प्रतिवेदन और जिला सलाहकार समिति के निर्णय के बाद उठाया कदम

खैरागढ़। नगर पंचायत गंडई के सामने संचालित ए ग्रुप ऑफ बालाजी डायग्नोस्टिक सेंटर को अवैध रूप से सोनोग्राफी सेंटर संचालित किए जाने की शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सीलबंद कर दिया। 4 नवंबर को की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में संचालित डायग्नोस्टिक सेंटरों में हड़कंप की स्थिति रही।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेंटर में अवैध रूप से सोनोग्राफी संचालन की शिकायत मिलने पर कलेक्टर एवं पीसीपीएनडीटी अधिनियम के समुचित प्राधिकारी के निर्देश पर मामले की जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित की गई थी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में गठित समिति ने शिकायत की जांच कर अपना प्रतिवेदन जिला सलाहकार समिति के समक्ष प्रस्तुत किया।
जिला सलाहकार समिति पीसीपीएनडीटी के निर्णय तथा कलेक्टर एवं समुचित प्राधिकारी के आदेश के बाद गठित टीम ने मौके पर पहुंचकर बालाजी डायग्नोस्टिक सेंटर को सीलबंद करने की कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान डिप्टी कलेक्टर श्रीमती पूजा पिंचा, जिला नोडल अधिकारी पीसीपीएनडीटी डॉ. मनीष बघेल, समिति सदस्य डॉ. पंकज वैष्णव, डॉ. बोधन सिंह परते एवं डॉ. विवेक बिसेन उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आमजन के स्वास्थ्य और पीसीपीएनडीटी अधिनियम के प्रावधानों के पालन को ध्यान में रखते हुए जिले में इस तरह की जांच एवं कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




