प्रखर शरण सिंह निर्विरोध बने कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के जिला संयोजक
सर्वसम्मति से नई जिला कार्यकारिणी का गठन, कर्मचारी-अधिकारियों के हितों और लंबित मांगों के लिए मिलकर करेंगे कार्य
खैरागढ़। छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन, जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के जिला संयोजक का निर्वाचन लोकतांत्रिक एवं पारदर्शी प्रक्रिया के तहत प्रांतीय पर्यवेक्षक मनीष मिश्रा की उपस्थिति में संपन्न हुआ। निर्वाचन में फेडरेशन से जुड़े विभिन्न संगठनों के जिला अध्यक्षों, ब्लॉक संयोजकों एवं ब्लॉक अध्यक्षों की सहमति से प्रखर शरण सिंह को निर्विरोध जिला संयोजक चुना गया।
नई कार्यकारिणी में रमेन्द्र डड़सेना को जिला महासचिव तथा रामलाल साहू को जिला सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई। निर्वाचन प्रक्रिया सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। उपस्थित पदाधिकारियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
नवनिर्वाचित जिला संयोजक प्रखर शरण सिंह ने सभी संगठनों एवं पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि फेडरेशन की एकता और संगठनात्मक मजबूती के साथ कर्मचारी-अधिकारियों के हितों की रक्षा उनकी प्राथमिकता रहेगी। सभी संगठनों को साथ लेकर लंबित मांगों, समस्याओं एवं अधिकारों के लिए सामूहिक नेतृत्व और समन्वय के साथ कार्य किया जाएगा।
उन्होंने प्रांतीय नेतृत्व करम वर्मा एवं प्रांतीय पर्यवेक्षक मनीष मिश्रा के मार्गदर्शन के लिए भी आभार जताया। सर्वसम्मति से हुए इस निर्वाचन को संगठन की एकता, आपसी विश्वास और लोकतांत्रिक परंपराओं का प्रतीक बताया गया।




