खैरागढ़ में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, सैकड़ों मरीजों ने उठाया लाभ
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने की मरीजों की जांच, निःशुल्क टेस्ट के साथ वितरित की गई दवाइयां

खैरागढ़। नगर के गोल बाजार स्थित बाफना भवन में मंगलवार, 17 नवंबर को निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। आईएलएस हॉस्पिटल रायपुर, खेमराज बाफना मानव कल्याण ट्रस्ट एवं यश मेडिकोज खैरागढ़ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में मरीजों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ लिया।
शिविर में आईएलएस हॉस्पिटल रायपुर के अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें उचित परामर्श दिया। इस दौरान मरीजों की निःशुल्क बीपी, आरबीएस, ईसीजी एवं बीएमआई जांच की गई। साथ ही चिकित्सकों की सलाह के अनुसार मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले इस शिविर में सैकड़ों मरीजों ने अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच कराई।
इस अवसर पर डॉ. श्रुति जैन ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और समय पर बीमारियों की पहचान कर उचित उपचार एवं परामर्श देना है। उन्होंने कहा कि कई बार लोग छोटी-छोटी स्वास्थ्य समस्याओं को नजरअंदाज कर देते हैं, जो आगे चलकर गंभीर रूप ले सकती हैं। ऐसे शिविरों के माध्यम से लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

वहीं डॉ. यशेष सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य प्रत्येक व्यक्ति के जीवन का महत्वपूर्ण आधार है। आर्थिक या अन्य कारणों से कई लोग समय पर स्वास्थ्य जांच नहीं करा पाते। ऐसे में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर उनके लिए काफी लाभकारी साबित होते हैं। उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों का परामर्श, जरूरी जांच और निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं, ताकि लोग अपनी सेहत के प्रति जागरूक हों और समय रहते बीमारियों का उपचार करा सकें।

शिविर में पहुंचे मरीजों ने भी आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि एक ही स्थान पर विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श, निःशुल्क जांच और दवाइयां मिलने से उन्हें काफी राहत मिली है। मरीजों ने इस पहल को जनहित में उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की मांग की।
आयोजकों की इस पहल से नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिला।





