नवविवाहिता हत्या का… छत्तीसगढ़ नवविवाहिता हत्या मामले का खुलासा, 24 घंटे में हत्यारा गिरफ्तार

धमधा :- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के धमधा थाना क्षेत्र में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि महिला की मौत बीमारी से नहीं बल्कि हत्या के कारण हुई थी। पुलिस ने मामले में मृतिका के पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, घरेलू विवाद और पत्नी के चरित्र पर संदेह के चलते पति ने मारपीट कर उसकी हत्या कर दी थी। घटना को छिपाने के लिए आरोपी पति महिला को बीमारी का बहाना बनाकर अस्पताल लेकर पहुंचा था।
अस्पताल से मिली थी संदिग्ध मौत की सूचना जानकारी के अनुसार, 20 सितंबर 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धमधा से नवविवाहिता अन्नू खांडे पति त्रिलोक खांडे की अज्ञात अवस्था में मौत होने की सूचना पुलिस को मिली थी। महिला नवविवाहिता होने के कारण पुलिस ने तत्काल अनुविभागीय दंडाधिकारी धमधा को सूचना दी। इसके बाद नायब तहसीलदार की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई की गई। पंचनामा के दौरान मृतिका के सिर पर चोट के निशान पाए गए, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि मृतिका के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। डॉक्टरों द्वारा दी गई शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत को होमिसाइडल यानी हत्या जनित बताया गया। इसके बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच आगे बढ़ाई। मृतिका के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। जांच के दौरान पुलिस को पति त्रिलोक खांडे की भूमिका संदिग्ध लगी। पूछताछ में पति ने कबूला अपराध पुलिस पूछताछ में आरोपी पति ने बताया कि उसका पत्नी से घरेलू बातों को लेकर विवाद होता रहता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी पत्नी के चरित्र पर भी संदेह करता था। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। 21 फरवरी 2026 को दोनों तलाक लेने के संबंध में धमधा न्यायालय भी गए थे। इसके बाद पत्नी को मायके छोड़ने के दौरान उसके पिता से मारपीट का मामला भी थाना जामुल में दर्ज कराया गया था।
पुलिस के मुताबिक, 19 सितंबर की रात करीब 11 बजे से 11:30 बजे के बीच आरोपी पति और अन्नू खांडे के बीच फिर विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के दौरान पति ने खाट पर बैठी पत्नी के सिर पर हाथ-मुक्के से हमला किया और उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने घटना को सामान्य मृत्यु दिखाने की कोशिश की और महिला को पूर्व बीमारी बताकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धमधा लेकर पहुंच गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया
आरोपी पति गिरफ्तार जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी त्रिलोक खांडे (26 वर्ष), निवासी ग्राम अगर, थाना धमधा, जिला दुर्ग को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। दुर्ग पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि पारिवारिक विवाद या हिंसा की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें। किसी भी घटना को छिपाने या गलत जानकारी देकर जांच को प्रभावित करने का प्रयास न करें। पुलिस ने कहा कि कानून हाथ में लेने के बजाय वैधानिक माध्यम से शिकायत कर सहायता प्राप्त करनी चाहिए।

