[the_ad id="217"]

650 शिक्षकों का सम्मान, शिक्षकों ने लिया शासन की योजनाओं को बच्चों तक पहुंचाने का संकल्प

650 शिक्षकों का सम्मान, शिक्षकों ने लिया शासन की योजनाओं को बच्चों तक पहुंचाने का संकल्प

छत्तीसगढ़ निजी विद्यालय संघ का जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह संपन्न

खैरागढ़। छत्तीसगढ़ निजी विद्यालय संघ द्वारा जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जिले के निजी विद्यालयों के लगभग 650 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सहभागिता की। संघ की ओर से सभी शिक्षकों को प्रमाण पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी खैरागढ़ श्री उपेंद्र देवांगन रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के जिलाध्यक्ष श्री सुरेश चौरे ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में श्री कृष्ण कुमार सोनी, प्रदेश सहसचिव छत्तीसगढ़ निजी विद्यालय संघ रायपुर एवं उपसंपादक दैनिक सरस्वती संकेत समाचार, शिक्षाविद श्री विनय शरण, श्री राजेंद्र सिंह चंदेल, प्रधान संपादक दैनिक सरस्वती संकेत समाचार एवं पूर्व जिलाध्यक्ष छत्तीसगढ़ निजी विद्यालय संघ तथा श्री प्रशांत कुमार, विकासखंड शिक्षा अधिकारी छुईखदान उपस्थित रहे।

 

“हम राष्ट्र के निर्माता हैं” — कृष्ण कुमार सोनी

समारोह को संबोधित करते हुए श्री कृष्ण कुमार सोनी ने शिक्षकों को उनकी जिम्मेदारी का एहसास कराते हुए कहा कि “हम राष्ट्र के निर्माता हैं। यदि कोई व्यक्ति केवल टाइम पास के लिए शिक्षक बना है तो उसे तत्काल यह कार्य छोड़ देना चाहिए।”

उन्होंने कहा कि जब कोई बच्चा विद्यालय आता है तो वह केवल अपना बैग और टिफिन लेकर नहीं आता, बल्कि उसके साथ उसके माता-पिता की उम्मीदें और पूरे परिवार के सपने जुड़े होते हैं। बच्चा अपना भविष्य शिक्षक के हाथों में सौंपता है। इसलिए शिक्षकों का दायित्व केवल किताबी ज्ञान देने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि बच्चों को एक अच्छा, सच्चा और जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में भी कार्य करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि देश के विकास के लिए केवल कागजों पर योजनाएं बनाने से काम नहीं चलेगा, बल्कि जमीनी स्तर पर योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू करना होगा।

एकजुट होकर बच्चों के हित में कार्य करें — राजेंद्र सिंह चंदेल

श्री राजेंद्र सिंह चंदेल ने संघ के महत्व एवं उसके इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि निजी विद्यालयों एवं शिक्षकों को एकजुट होकर बच्चों के विकास के लिए पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षक और विद्यालय समाज निर्माण की महत्वपूर्ण कड़ी हैं।

शिक्षकों ने लिया सामूहिक संकल्प

मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी श्री उपेंद्र देवांगन ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों को सामूहिक रूप से शपथ दिलाई।

शिक्षकों ने संकल्प लिया कि शासन की सभी योजनाओं का लाभ एवं जानकारी बच्चों तक पहुंचाई जाएगी, बिना मान्यता के विद्यालय का संचालन नहीं किया जाएगा तथा शासन द्वारा संचालित MBU, APAAR ID, SHVR, “एक पेड़ मां के नाम” सहित अन्य कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कर शासन की योजनाओं को सफल बनाने में सहयोग किया जाएगा।

शिक्षा केवल पाठ्यक्रम नहीं, भविष्य निर्माण है — विनय शरण

शिक्षाविद एवं सेवानिवृत्त शिक्षक श्री विनय शरण ने शिक्षा के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने शिक्षकों को बच्चों के भविष्य को संवारने, उनकी प्रतिभा को पहचानने तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए आवश्यक शैक्षणिक एवं व्यवहारिक प्रयासों के संबंध में मार्गदर्शन दिया। उनका संबोधन उपस्थित शिक्षकों के लिए एक प्रशिक्षण सत्र के रूप में रहा।

अगले कार्यक्रम को और बेहतर बनाने का संकल्प

कार्यक्रम के अंत में संघ के जिलाध्यक्ष श्री सुरेश चौरे ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आगामी समय में ऐसे कार्यक्रमों को और बेहतर एवं व्यवस्थित रूप देने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कार्यक्रम में हुई किसी भी चूक के लिए क्षमा मांगते हुए उपस्थितजनों से सुझाव देने का आग्रह किया, ताकि भविष्य के कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

मनोहर सोनवानी एवं नुसरत कुरैशी ने किया सफल संचालन

कार्यक्रम का सफल संचालन संघ के जिलासचिव श्री मनोहर सोनवानी एवं जिला कोषाध्यक्ष श्रीमती नुसरत कुरैशी ने किया। समारोह के दौरान उपस्थित सभी अतिथियों को संघ की ओर से प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

समारोह में बड़ी संख्या में निजी विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं की उपस्थिति रही और कार्यक्रम शिक्षा, शिक्षक दायित्व एवं बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सामूहिक संकल्प के साथ संपन्न हुआ।

Facebook
Twitter
WhatsApp

Leave a Reply