इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय की नियुक्ति पर सवाल
विजय सिंह की नियुक्ति को लेकर शिकायत, रिश्तेदारी और नियम उल्लंघन के आरोप
सरस्वती संकेत खैरागढ़ खैरागढ़।
इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में सहायक कुल सचिव विजय सिंह की नियुक्ति को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। खैरागढ़ निवासी अंकित अग्रवाल ने कुल सचिव को शिकायत पत्र सौंपते हुए इस नियुक्ति को अवैध बताया और इसे तत्काल निरस्त करने की मांग की है।
शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि विजय सिंह तत्कालीन कुलपति माण्डवी सिंह की बहन के दामाद हैं। इस रिश्तेदारी का लाभ उठाते हुए माण्डवी सिंह ने वर्ष 2013 में उन्हें संविदा पर सहायक कुल सचिव नियुक्त किया और वर्ष 2016 में नियमों को दरकिनार कर नियमित वेतनमान भी दिला दिया।
अग्रवाल का कहना है कि विजय सिंह इस पद के लिए निर्धारित न्यूनतम योग्यता तक नहीं रखते। न तो उनके पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से मास्टर डिग्री है और न ही समकक्ष डिग्री। इसके बावजूद चयन प्रक्रिया में पक्षपात किया गया। यहां तक कि संविदा भर्ती का विज्ञापन निकलने के तीसरे दिन ही नियमित वेतनमान का विज्ञापन प्रकाशित करा दिया गया, जो अपने आप में संदेहास्पद है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि विजय सिंह द्वारा प्रस्तुत शैक्षणिक प्रमाण पत्र अवैध हैं। साथ ही चयन समिति की सदस्य रहीं प्रोफेसर मृदुला शुक्ला की पात्रता पर भी सवाल उठाए गए हैं।
पूर्व में भी इस नियुक्ति को लेकर आपत्तियां उठाई गई थीं, लेकिन उस समय कुलपति माण्डवी सिंह ने शिकायतों को दबा दिया। अब यह आरोप भी लग रहे हैं कि विजय सिंह को वर्तमान कुलपति का संरक्षण प्राप्त है, जिसके कारण उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
अब देखना यह होगा कि शासन स्तर पर इस गंभीर शिकायत पर कार्रवाई होती है या मामला पूर्व की तरह ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा