[the_ad id="217"]

बेमौसम बारिश से धान को नुकसान पर 72 घंटे के भीतर दें सूचना, तभी मिलेगा बीमा का लाभ

बेमौसम बारिश से धान को नुकसान पर 72 घंटे के भीतर दें सूचना, तभी मिलेगा बीमा का लाभ

बीमित किसानों से कृषि विभाग की अपील, टोल-फ्री नंबर 14447 और 1800-419-0344 पर दर्ज कराएं फसल क्षति की जानकारी

खैरागढ़। जिले में बेमौसम बारिश से धान की खड़ी फसल और कटाई के बाद खेतों में सूखने के लिए रखे धान को नुकसान होने की आशंका को देखते हुए कृषि विभाग ने बीमित किसानों को सतर्क रहने की अपील की है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फसल को नुकसान होने पर किसानों को घटना के 72 घंटे के भीतर बीमा कंपनी को सूचना देना अनिवार्य है, ताकि नियमानुसार क्षतिपूर्ति की कार्रवाई की जा सके।

उप संचालक कृषि कार्यालय के अनुसार, प्रभावित किसान टोल-फ्री नंबर 14447 या 1800-419-0344 पर कॉल कर नुकसान की जानकारी दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा कृषि रक्षक पोर्टल और क्रॉप इंश्योरेंस ऐप के माध्यम से भी शिकायत दर्ज की जा सकती है। किसान स्थानीय कृषि एवं राजस्व अधिकारियों, संबंधित बैंक अथवा जिला स्तरीय अधिकारियों को लिखित सूचना भी दे सकते हैं।

विभाग ने बताया कि अधिसूचित गांवों में सिंचित एवं असिंचित धान की बीमित फसल को प्राकृतिक आपदा से नुकसान होने पर योजना के तहत मुआवजे का प्रावधान है। वहीं कटाई के बाद खेत में सूखने के लिए फैलाकर या छोटे बंडलों में रखे धान को ओलावृष्टि, चक्रवाती वर्षा अथवा बेमौसम बारिश से नुकसान होने पर भी बीमा सुरक्षा का लाभ मिल सकता है।

अधिसूचित इकाई में 25 प्रतिशत से अधिक फसल हानि होने पर प्रभावित बीमित किसानों के नुकसान का आकलन कर नियमानुसार क्षतिपूर्ति राशि का भुगतान किया जाएगा। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि नुकसान की स्थिति में निर्धारित 72 घंटे की समय-सीमा का विशेष ध्यान रखें और समय पर सूचना दर्ज कराकर फसल बीमा योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया पूरी करें।

Facebook
Twitter
WhatsApp

Leave a Reply