[the_ad id="217"]

बारिश की आशंका से धान खरीदी केंद्रों में अलर्ट, बोरों को ढकने के निर्देश

बारिश की आशंका से धान खरीदी केंद्रों में अलर्ट, बोरों को ढकने के निर्देश

22 नवंबर तक केंद्र प्रभारी और समिति कर्मचारी करेंगे भंडारित धान की निगरानी, लापरवाही पर तय होगी जिम्मेदारी

खैरागढ़। मौसम विभाग द्वारा आगामी दिनों में बारिश की संभावना जताए जाने के बाद खैरागढ़–छुईखदान–गंडई जिले के धान उपार्जन केंद्रों में एहतियाती इंतजाम शुरू करने के निर्देश जारी किए गए हैं। खुले में रखे धान को बारिश से सुरक्षित रखने के लिए अपर कलेक्टर ने सभी केंद्र प्रभारियों को विशेष सतर्कता बरतने और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा है।

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी जारी है। इसी बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 20 और 21 नवंबर को दक्षिणी छत्तीसगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई है। इसे देखते हुए खाद्य शाखा द्वारा जारी निर्देश में उपार्जन केंद्रों में रखे धान की सुरक्षा को प्राथमिकता देने कहा गया है।

निर्देशानुसार केंद्रों के चबूतरों और फड़ों पर रखे धान के बोरों को ढकने के लिए पर्याप्त तिरपाल, पन्नी और कैप कवर की व्यवस्था करनी होगी। धान के पूरे स्टैक को अच्छी तरह ढकने के साथ कवर को रस्सियों से मजबूती से बांधना अनिवार्य किया गया है, ताकि तेज हवा के दौरान कवर उड़ने से धान भीगने की स्थिति निर्मित न हो।

इसके अलावा धान के बोरों को जमीन की नमी और बारिश के पानी से बचाने के लिए पर्याप्त डनेज लगाने तथा उपार्जन केंद्रों के आसपास नालियों की सफाई कर जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे बारिश का पानी फड़ों और भंडारण स्थलों पर जमा नहीं होगा।

अपर कलेक्टर ने 22 नवंबर तक केंद्र प्रभारियों और समिति कर्मचारियों को अपने मुख्यालय अथवा उपार्जन केंद्र में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर भंडारित धान की लगातार निगरानी करने को कहा है। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि लापरवाही के कारण धान भीगने अथवा क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में संबंधित समिति प्रबंधक और उपार्जन केंद्र प्रभारी व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होंगे।

Facebook
Twitter
WhatsApp

Leave a Reply