अतरिया में अवैध धान भंडारण पर प्रशासन की कार्रवाई, 17 क्विंटल धान जब्त
खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने व्यापारिक प्रतिष्ठान में की छापेमारी, अनियमितता मिलने पर की गई जब्ती की कार्रवाई

खैरागढ़। धान खरीदी सीजन के दौरान अवैध धान भंडारण और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी कड़ी में खाद्य एवं कृषि उपज मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने अतरिया स्थित मेसर्स आगर चंद पारख बाजार के व्यापारिक प्रतिष्ठान में औचक निरीक्षण कर 17 क्विंटल धान जब्त किया है। जांच के दौरान प्रतिष्ठान में धान का अवैध भंडारण पाए जाने पर विभागीय टीम ने नियमानुसार कार्रवाई की।
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, संयुक्त टीम ने प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया, जहां 17 क्विंटल धान का अनियमित भंडारण पाया गया। इसके बाद छत्तीसगढ़ कृषि उपज मंडी अधिनियम, 1972 की धारा 19(4) के तहत धान जब्ती की कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई में सहायक खाद्य अधिकारी संजय ठाकुर, खाद्य निरीक्षक विनोद सागर एवं मनीष ध्रुव तथा मंडी उपनिरीक्षक हरीश सिंह शामिल रहे।
गौरतलब है कि धान खरीदी के दौरान अवैध भंडारण, अनियमित खरीद-बिक्री और कालाबाजारी की आशंका को देखते हुए विभाग द्वारा व्यापारिक प्रतिष्ठानों एवं धान भंडारण केंद्रों की लगातार निगरानी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर अंकुश लगाने के लिए औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे। अनियमितता पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।





