20 वर्षों से शिक्षा की अलख जगा रहे अधिवक्ता घमन साहू, 38 प्रतिभाओं को मिला सिल्वर कॉइन सम्मान
टोलागांव/खैरागढ़। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टोलागांव में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में कक्षा 10वीं एवं 12वीं में 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण 38 प्रतिभावान विद्यार्थियों को अधिवक्ता एवं समाजसेवी श्री घमन साहू द्वारा सिल्वर कॉइन प्रदान कर सम्मानित किया गया।
श्री घमन साहू द्वारा विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने की यह प्रेरणादायी पहल लगातार 20 वर्षों से जारी है। इस वर्ष कक्षा 10वीं के 13 तथा कक्षा 12वीं के 25, कुल 38 छात्र-छात्राओं को चांदी का सिक्का देकर सम्मानित किया गया। पिछले वर्ष भी 32 विद्यार्थियों को सिल्वर कॉइन प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया था।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि वरिष्ठ अधिवक्ता एवं समाजसेवी श्री टीके चंदेल ने कहा कि अपने पूरे जीवन में उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में बच्चों को इतने लंबे समय तक लगातार प्रोत्साहित करने का ऐसा अनूठा प्रयास कहीं नहीं देखा। उन्होंने श्री घमन साहू के सेवाभाव की सराहना करते हुए कहा कि टोलागांव में पिछले 20 वर्षों से चली आ रही यह परंपरा पूरे जिले के लिए गौरव की बात है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद सदस्य श्रीमती खेमलता साहू ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में सरपंच श्री देवेंद्र साहू, शाला विकास समिति अध्यक्ष श्री विष्णुदास साहू, सोसाइटी अध्यक्ष श्री नारायणदास साहू, उपसरपंच श्री सूर्तिदास साहू सहित पंचगण एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। इस दौरान ओमप्रकाश साहू, संत राम साहू, शेखर साहू, बिजेश साहू सहित बड़ी संख्या में पालक एवं ग्रामीण इस प्रेरणादायी आयोजन के साक्षी बने।
विद्यालय के प्राचार्य श्री रविंद्र चावड़ा ने कहा कि संस्था के लिए यह अत्यंत गौरव की बात है कि यहां के विद्यार्थियों को लगातार 20 वर्षों से शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया जा रहा है। ऐसे प्रयास विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा, आत्मविश्वास और लक्ष्य प्राप्त करने के लिए कठिन परिश्रम की भावना पैदा करते हैं।
कार्यक्रम का संचालन श्री ठाकुर सर ने किया तथा आभार प्रदर्शन पूर्व प्रभारी प्राचार्य श्री डीके साहू द्वारा किया गया। समारोह में तीनों विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित बड़ी संख्या में पालकगण उपस्थित रहे।
विशेष: शिक्षा के क्षेत्र में 20 वर्षों से प्रतिभाओं को सम्मानित करने की यह पहल निश्चित रूप से नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। एक सिल्वर कॉइन विद्यार्थियों के लिए केवल पुरस्कार नहीं, बल्कि मेहनत और सफलता की पहचान बनकर सामने आ रहा है।
— राजेंद्र सिंह चंदेल
संपादक, दैनिक सरस्वती संकेत, खैरागढ़
मो.: 9407 95724




