राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय करारी में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
करारी/कौशाम्बी, 15 अगस्त 2026। राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय करारी, कौशाम्बी के प्रांगण में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 8 बजे विद्यालय के प्रधानाचार्य लाल प्रताप चौरसिया ने ध्वजारोहण कर किया। तिरंगे को सलामी देने के पश्चात राष्ट्रगान से पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के भाव से गूंज उठा।
ध्वजारोहण के बाद विद्यालय परिसर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसमें प्रधानाचार्य, छात्रावास अधीक्षक, शिक्षकगण, कर्मचारी एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हाथों में तिरंगा लेकर विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारों से वातावरण को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया।
तिरंगा यात्रा के उपरांत विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। देशभक्ति गीत, समूहगान एवं नाटक के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों और शहीदों के बलिदान को याद किया गया। विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य लाल प्रताप चौरसिया ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम के गौरवपूर्ण इतिहास से अवगत कराते हुए कहा कि देश की आजादी हमारे वीर सेनानियों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों से जिम्मेदार नागरिक बनकर देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्रवक्ता डॉ. अजीत सिंह ने कहा कि आजादी हमें आसानी से नहीं मिली। भगत सिंह, रानी लक्ष्मीबाई, नेताजी सुभाष चंद्र बोस सहित हजारों स्वतंत्रता सेनानियों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में मेधावी विद्यार्थियों एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। उपस्थित सभी लोगों को मिष्ठान्न वितरित कर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम में छात्रावास अधीक्षक कमलेश मौर्य, शिक्षक संदीप गुप्ता, सत्येंद्र पाण्डेय, नवनीत चौधरी, राम बहादुर, दिलीप कुमार, गणेश गुप्ता, राममूरत सिंह चंदेल, दिनेश कुमार एवं निशा देवी, फार्मासिस्ट बृजेश कुमार, कंप्यूटर ऑपरेटर विमल वर्मा तथा विद्यालय कर्मचारी दुर्गेश कुमार, राघवेंद्र पाल एवं वीरेंद्र यादव सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।




