सरस्वती संकेत ::दुर्ग के करहीडीह स्थित भूमि के कथित फर्जी हस्तांतरण की शिकायत, SDM से रजिस्ट्रियां निरस्त करने की मांग

दुर्ग। ग्राम करहीडीह स्थित दुर्ग बायपास से लगे एमआर लेआउट के खसरा नंबर 96 एवं 179 से संबंधित भूमि विवाद का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता दिलजीत कौर ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) (SDM) दुर्ग के समक्ष शिकायत प्रस्तुत कर आरोप लगाया है कि उनकी अनुपस्थिति में उनकी भूमि से संबंधित कथित रूप से फर्जी नोटरी पावर ऑफ अटॉर्नी एवं कथित फर्जी हस्ताक्षरों का उपयोग कर भूमि का हस्तांतरण किया गया तथा बाद में उसकी अवैध प्लॉटिंग कर कई हिस्सों में विक्रय कर दिया गया।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इस कथित कृत्य में प्रविन्दर सिंह चाने तथा मनोज राजपूत की भूमिका की जांच की जाए। शिकायतकर्ता का कहना है कि कथित दस्तावेज उनके अन्य पुत्रों एवं पुत्री की जानकारी और सहमति के बिना तैयार किए गए।
शिकायतकर्ता ने SDM दुर्ग से मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने, संबंधित दस्तावेजों एवं रजिस्ट्रियों की वैधानिक जांच करने तथा यदि दस्तावेज फर्जी पाए जाते हैं तो नियमानुसार संबंधित रजिस्ट्रियों को निरस्त करने एवं दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा अन्य लागू कानूनों के अंतर्गत विधिसम्मत कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
मामला वर्तमान में सक्षम राजस्व प्राधिकारी के समक्ष विचाराधीन बताया जा रहा है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित पक्ष का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।




