[the_ad id="217"]

सरस्वती संकेत :: खैरागढ़ में कांग्रेस का स्मार्ट मीटर हटाओ अभियान तेज, घर-घर पहुंचकर भरवाए जा रहे फॉर्म, महंगी बिजली को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला

खैरागढ़ में कांग्रेस का स्मार्ट मीटर हटाओ अभियान तेज, घर-घर पहुंचकर भरवाए जा रहे फॉर्म, महंगी बिजली को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला।खैरागढ़। छत्तीसगढ़ में बढ़ी हुई बिजली दरों और स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर सियासी घमासान तेज हो गया है। खैरागढ़ शहर कांग्रेस कमेटी ने आम उपभोक्ताओं के समर्थन में स्मार्ट मीटर हटाओ फॉर्म भरो अभियान की शुरुआत कर दी है। इतवारी बाजार से शुरू हुए इस अभियान के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर और दुकानों तक पहुंचकर लोगों से स्मार्ट मीटर हटाने, बिजली दरों में कमी करने और 400 यूनिट तक बिजली बिल माफ करने की मांग वाले आवेदन पत्रों पर हस्ताक्षर करा रहे हैं। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद आम उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। उनका कहना है कि पहले जहां 500 रुपये के आसपास बिजली बिल आता था वहीं अब कई उपभोक्ताओं के बिल कई गुना बढ़ गए हैं जिससे आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। अभियान के दौरान नीलाम्बर वर्मा, कोमल दास साहू, अरुण भारद्वाज, मनराखन देवांगन और दीपक देवांगन ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर के जरिए आम जनता की जेब पर अतिरिक्त भार डाल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस व्यवस्था से बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाया जा रहा है, जबकि आम उपभोक्ता परेशान है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भी भाजपा की सरकार है लेकिन वहां स्मार्ट मीटर योजना को लेकर सरकार सतर्क नजर आ रही है। इसके विपरीत छत्तीसगढ़ में जनता के विरोध के बावजूद स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं जो लोगों की भावनाओं की अनदेखी है। नेताओं ने दावा किया कि 1 जुलाई से लागू नई बिजली दरों के कारण घरेलू, व्यावसायिक, कृषि पंप एवं गैर-सब्सिडी वाले सभी उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ा है। उनके अनुसार 100 यूनिट बिजली पर करीब 33 रुपये और 200 यूनिट पर लगभग 67 रुपये तक अतिरिक्त भुगतान करना पड़ रहा है। यूनिट दरों में बढ़ोतरी के साथ ड्यूटी और सेस का असर जुड़ने से बिजली बिल और अधिक बढ़ रहे हैं। मनराखन देवांगन ने बताया कि यह फॉर्म भरो अभियान खैरागढ़ शहर के सभी 20 वार्डों में चलाया जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर लोगों से चर्चा करेंगे और स्मार्ट मीटर हटाने, बिजली दर कम करने तथा 400 यूनिट तक बिजली बिल माफ करने की मांग को लेकर आवेदन फॉर्म भरवाएंगे। यदि सरकार ने महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। अभियान में किशन रजक, रिंकू गुप्ता, पूरन सारथी, रविंद्र सिंह गहेरवार, मनोहर सेन, गिरीश सारथी, रतन सिंघी, शिवानंद यादव, हरिदर्शन ढीमर, रानू नियाजी, डोमार सिंह लोधी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Facebook
Twitter
WhatsApp

Leave a Reply