[the_ad id="217"]

खैरागढ़ बस स्टैंड का यात्री प्रतीक्षालय बदहाल गंदगी, नशाखोरी और अव्यवस्था पर कांग्रेस का विरोध; तीन दिन में सुधार नहीं तो आंदोलन की चेतावनी

खैरागढ़ बस स्टैंड का यात्री प्रतीक्षालय बदहाल

गंदगी, नशाखोरी और अव्यवस्था पर कांग्रेस का विरोध; तीन दिन में सुधार नहीं तो आंदोलन की चेतावन

खैरागढ़ | सरस्वती संकेत

खैरागढ़। जिला मुख्यालय स्थित बस स्टैंड के यात्री प्रतीक्षालय की स्थिति बेहद दयनीय पाई गई है। रविवार को शहर कांग्रेस कमेटी ने आकस्मिक निरीक्षण कर परिसर में फैली भारी गंदगी, शराब की खाली बोतलें, पानी के पाउच, गांजा सेवन की सामग्री तथा मवेशियों की मौजूदगी पर गंभीर आपत्ति जताई।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अरुण भारद्वाज के नेतृत्व में पहुंची टीम ने पाया कि प्रतीक्षालय में नियमित साफ-सफाई का पूर्ण अभाव है। कमरों के भीतर और बाहर कचरे के ढेर, गोबर और दुर्गंध ने यात्रियों के लिए हालात असहनीय बना दिए हैं। यात्रियों के बैठने हेतु लगी कुर्सियां टूटी हुई हैं तथा पेयजल की कोई व्यवस्था नहीं है।

नेताओं ने मौके पर नगर पालिका के स्वच्छता प्रभारी को बुलाकर स्थिति से अवगत कराया और स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि तीन दिनों के भीतर सुधार नहीं हुआ तो आमरण अनशन किया जाएगा। उनका कहना था कि यात्रियों को धूप और बारिश से बचाने के उद्देश्य से बनाए गए प्रतीक्षालय की यह हालत प्रशासनिक उदासीनता का प्रमाण है।

डॉ. भारद्वाज ने नगर पालिका पर बुनियादी ढांचे के रखरखाव में विफल रहने का आरोप लगाया। साथ ही पुलिस प्रशासन की गश्त व्यवस्था पर भी प्रश्नचिह्न लगाते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थल पर खुलेआम शराबखोरी और नशाखोरी सामाजिक वातावरण को दूषित कर रही है। विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने भी शासकीय परिसरों में इस प्रकार की गतिविधियों को युवाओं के लिए चिंताजनक बताया।

विरोध स्वरूप कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका कार्यालय से बस स्टैंड तक पैदल मार्च कर प्रदर्शन किया। निरीक्षण के दौरान पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा।

अब देखना यह होगा कि तीन दिन की चेतावनी के बाद नगर पालिका प्रशासन ठोस कार्रवाई करता है या मामला जनआंदोलन का रूप लेता है।

— राजेंद्र सिंह चंदेल

प्रधान संपादक, सरस्वती संकेत

Facebook
Twitter
WhatsApp

Leave a Reply

[the_ad id="219"]
POLL
What does "money" mean to you?
  • Add your answer
BREAKING NEWS
LIVE CRICKET
REALTED POST
[the_ad id="242"]