म्यूल बैंक खाते से 50 हजार रुपये की साइबर ठगी, खाता धारक अरशद खान गिरफ्तार
छुईखदान पुलिस और साइबर सेल की कार्रवाई, आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल

खैरागढ़। साइबर अपराध के जरिए अवैध रूप से धन अर्जित करने के मामले में केसीजी पुलिस ने म्यूल बैंक खाता धारक आरोपी अरशद खान (40 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के बैंक खाते का उपयोग 50 हजार रुपये की साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में किया गया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर उपजेल सलोनी भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी अरशद खान पिता स्व. जाकिर खान, निवासी वार्ड क्रमांक 04 पठानपारा, थाना छुईखदान ने अपने बैंक खाते, पासबुक और एटीएम का उपयोग अवैध धन अर्जित करने के लिए किया था। आरोप है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी एवं अन्य अवैध गतिविधियों से प्राप्त रकम के लेन-देन में खाते का इस्तेमाल किया। इस दौरान आपराधिक षड्यंत्र के तहत कुल 50 हजार रुपये की ठगी की गई।
मामले में 5 अक्टूबर 2026 को थाना छुईखदान में अपराध क्रमांक 371/2026 के तहत धारा 317(2), 317(4), 318(4), 61(2)क भारतीय न्याय संहिता एवं धारा 66(डी) आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में छुईखदान पुलिस ने साइबर सेल के सहयोग से आरोपी की तलाश की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर 22 नवंबर को गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर उसे उपजेल सलोनी भेज दिया गया।


