पिता की स्मृति में देहदान का संकल्प, मां के सम्मान में घर बनेगा ‘न्याय मंदिर’
वरिष्ठ अधिवक्ता प्रदीप दास की अनूठी पहल, निजी आवास में आपसी सहमति से विवादों का होगा निराकरण; न्यायिक सेवा से जुड़ा रहा है पूरा परिवार

खैरागढ़। सेवा, संस्कार और समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव व्यक्ति को किस तरह प्रेरणादायी पहल के लिए प्रेरित कर सकता है, इसकी मिसाल वरिष्ठ अधिवक्ता प्रदीप दास ने पेश की है। उन्होंने अपने निधन के बाद देहदान करने का संकल्प लिया है। वहीं, अपनी मां के सम्मान में निजी आवास को ‘न्याय मंदिर’ के रूप में स्थापित करने की घोषणा की है। इस न्याय मंदिर में आपसी बातचीत और सहमति से सुलझाए जा सकने वाले विवादों का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। शनिवार को समाजसेवियों की मौजूदगी में उन्होंने इन दोनों संकल्पों को सार्वजनिक किया। उनका देहदान का निर्णय पिता स्व. चंद्रमोहन दास की स्मृति को समर्पित है, जबकि न्याय मंदिर की स्थापना मां के सम्मान और उनके संस्कारों के प्रति श्रद्धा का प्रतीक होगी।
पिता के निधन के बाद लिया देहदान का संकल्प
प्रदीप दास ने बताया कि उनके पिता स्व. चंद्रमोहन दास न्यायिक सेवा में रहे थे। अक्टूबर 1996 में उनके निधन के बाद ही उनके मन में देहदान का विचार आया। उन्होंने संकल्प लिया कि मृत्यु के बाद उनकी देह चिकित्सा शिक्षा और शोध कार्यों में उपयोगी हो, ताकि जीवन समाप्त होने के बाद भी मानवता की सेवा की जा सके। लंबे समय से मन में संजोए इस विचार को अब उन्होंने सार्वजनिक रूप से संकल्प का रूप दिया है।
न्यायिक सेवा में रहा पिता का लंबा योगदान
स्व. चंद्रमोहन दास ने वर्ष 1962 में छिंदवाड़ा में सिविल जज के रूप में अपनी न्यायिक सेवा शुरू की थी। वर्ष 1981-82 में उन्होंने रायगढ़ में कार्यकारी जिला एवं सत्र न्यायाधीश के रूप में जिम्मेदारी निभाई। इसके बाद बिलासपुर में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एडीजे) के पद पर रहते हुए वर्ष 1987 में सेवानिवृत्त हुए। अक्टूबर 1996 में उनका निधन हो गया। पिता की न्यायिक कार्यशैली, सेवा भावना और संस्कारों का प्रभाव प्रदीप दास के जीवन में भी स्पष्ट दिखाई देता है।
1988 से खैरागढ़ में कर रहे विधिक सेवा
प्रदीप दास का जन्म 7 अगस्त 1959 को हुआ। उन्होंने वर्ष 1984 में रायगढ़ के स्वामी बालकृष्ण पुरी लॉ कॉलेज से विधि की पढ़ाई शुरू की। इसके बाद वर्ष 1986-87 में बिलासपुर के कौशलेन्द्र राव लॉ कॉलेज से अंतिम वर्ष की पढ़ाई पूरी की। वर्ष 1988 में खैरागढ़ अधिवक्ता संघ की सदस्यता लेकर उन्होंने यहां विधिक क्षेत्र में अपनी पेशेवर यात्रा शुरू की। उस समय मध्यप्रदेश स्टेट बार काउंसिल का मुख्यालय जबलपुर में था।
परिवार में भी न्याय और कानून की परंपरा
प्रदीप दास का परिवार लंबे समय से विधि और न्यायिक सेवा से जुड़ा रहा है। उनके छोटे भाई सिविल इंजीनियर के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं और विधि स्नातक भी हैं। छोटे भाई की पत्नी सुनीता दास बिलासपुर हाईकोर्ट में अधिवक्ता हैं। उनकी बहन शारदा भी लॉ कॉलेज की छात्रा रही हैं, जबकि उनके जीजा राज्य विधिक सेवा से जुड़े अधिकारी के रूप में बिलासपुर से सेवानिवृत्त हुए हैं। इस तरह परिवार में कानून, न्याय और जनसेवा के प्रति समर्पण की परंपरा रही है।
मां के सम्मान में बनेगा ‘न्याय मंदिर’
प्रदीप दास की दूसरी महत्वपूर्ण पहल उनके निजी आवास में न्याय मंदिर की स्थापना है। यहां ऐसे विवादों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिनका निराकरण आपसी बातचीत, समझाइश और सहमति के माध्यम से संभव है। इसका उद्देश्य छोटे-छोटे विवादों को अनावश्यक रूप से लंबा खींचने के बजाय दोनों पक्षों को साथ बैठाकर समाधान का रास्ता निकालना है। इस पहल से लोगों के बीच संवाद, आपसी विश्वास और सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।
पिता की स्मृति में देहदान का संकल्प और मां के सम्मान में न्याय मंदिर की स्थापना की पहल के जरिए प्रदीप दास ने सेवा, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया है। उनकी यह पहल समाज के लिए एक प्रेरणादायी उदाहरण बन सकती है।


