
सरस्वती संकेत खैरागढ़ से सहसंपादक कृष्ण कुमार सोनी की रिपोर्ट –
विधानसभा शीतकालीन सत्र 2026 के दौरान कार्यालयीन कार्यों के संपादन के लिए ड्यूटी लगाए जाने के बावजूद निर्धारित स्थान पर उपस्थित नहीं होने और बिना सूचना एवं अनुमति के कार्यस्थल छोड़ने के मामले में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने चार कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
जिला शिक्षा अधिकारी, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई द्वारा 21 नवंबर 2026 को जारी पत्र में संबंधित कर्मचारियों के रवैये पर नाराजगी जताते हुए इसे गंभीर लापरवाही, अनुशासनहीनता एवं कार्यालयीन निर्देशों की अवहेलना बताया गया है।
जारी नोटिस के अनुसार विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान कार्यालयीन कार्यों के संपादन के लिए संबंधित कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। इसके बावजूद उनके द्वारा कार्यालय में उपस्थिति नहीं दी गई। साथ ही नोडल अधिकारी की जानकारी एवं अनुमति के बिना वापस लौटने तथा विधानसभा सत्र से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों के प्रति लापरवाही बरतने की बात सामने आई है।
पत्र में इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 के विपरीत बताया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि नोटिस प्राप्त होते ही अपना स्पष्टीकरण अधोहस्ताक्षरकर्ता के समक्ष प्रस्तुत करें।
22 नवंबर तक उपस्थित नहीं होने पर वेतन रोकने की चेतावनी
जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यदि प्रस्तुत स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया जाता है अथवा संबंधित कर्मचारी 22 नवंबर 2026 को कार्यालय में उपस्थित नहीं होते हैं, तो नवंबर माह 2026 का वेतन रोकने की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए संबंधित कर्मचारी स्वयं जिम्मेदार होंगे।
इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में कार्यालयीन अनुशासन और शासकीय दायित्वों के निर्वहन को लेकर सख्ती के संकेत मिल रहे हैं।


