लिमो और सड़क अतरिया धान खरीदी केंद्रों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, किसानों से लिया फीडबैक
खरीदी में पारदर्शिता और धान के सुरक्षित भंडारण पर जोर, किसानों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के दिए निर्देश

खैरागढ़। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था का जायजा लेने कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने गंडई क्षेत्र के लिमो एवं सड़क अतरिया धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खरीदी केंद्रों में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ किसानों से सीधे चर्चा कर टोकन प्रक्रिया एवं धान विक्रय में आ रही समस्याओं की जानकारी ली।
कलेक्टर ने केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया कि धान खरीदी की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और व्यवस्थित तरीके से संचालित की जाए। उन्होंने टोकन के अनुरूप धान की आवक, खरीदी की मात्रा, गुणवत्ता एवं नमी की जांच और तौल व्यवस्था की समीक्षा की। साथ ही खरीदी से संबंधित सभी अभिलेखों एवं ऑनलाइन प्रविष्टियों को नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने धान के सुरक्षित भंडारण और स्टेकिंग व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने धान को नमी एवं बारिश से बचाने के लिए आवश्यक इंतजाम करने तथा बोरियों को निर्धारित मानकों के अनुसार व्यवस्थित रखने को कहा। किसानों की सुविधा के लिए पेयजल, बैठने, छाया और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने कहा कि किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए तथा सभी अधिकारी-कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करें।





