जीवनधारा योजना से किडनी मरीजों को बड़ी राहत, खैरागढ़ अस्पताल में 14,303 निःशुल्क डायलिसिस सत्र पूर्ण
वर्तमान में 38 मरीजों को मिल रही नियमित सुविधा, दूसरे शहरों में उपचार कराने की परेशानी और खर्च से मिली मुक्ति

खैरागढ़। छत्तीसगढ़ शासन की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजना ‘जीवनधारा’ किडनी रोगियों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय डायलिसिस कार्यक्रम के तहत सिविल अस्पताल खैरागढ़ में अब तक 14,303 निःशुल्क डायलिसिस सत्र पूरे किए जा चुके हैं। वहीं वर्तमान में 38 मरीज नियमित रूप से इस सुविधा का लाभ उठा रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, सिविल अस्पताल खैरागढ़ में 12 फरवरी 2025 से तीन डायलिसिस मशीनों के माध्यम से केंद्र का संचालन किया जा रहा है। महज 630 दिनों में 14,303 डायलिसिस सत्र पूरे होना जिले में इस सुविधा की उपयोगिता को दर्शाता है।
इस सुविधा से किडनी रोगियों को अब नियमित उपचार के लिए रायपुर, राजनांदगांव सहित अन्य शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। इससे मरीजों और उनके परिजनों के समय व आवागमन खर्च की बचत हो रही है। साथ ही निःशुल्क उपचार मिलने से आर्थिक बोझ भी कम हुआ है।
कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल एवं जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल के निर्देशन में जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ए.के. शुक्ला, सिविल सर्जन डॉ. आशीष शर्मा तथा संबंधित चिकित्सा अधिकारियों के समन्वय से डायलिसिस केंद्र का संचालन किया जा रहा है।
सिविल सर्जन डॉ. आशीष शर्मा ने बताया कि केंद्र का उद्देश्य किडनी रोगियों को जिले में ही नियमित, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना है। मरीजों को समय पर सुविधा देने और उपचार की निरंतरता बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शासन की यह पहल जरूरतमंद मरीजों के लिए राहत और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही है।





